नगर निगम आयुक्त की सक्रिय कार्यशैली से निगम संपत्तियों को नया जीवन रेनोवेशन, सुरक्षा और आय-वृद्धि,तीनों मोर्चों पर एकसाथ ठोस कार्रवाई,स्पष्ट संदेश—निगम संपत्तियां बोझ नहीं, अवसर हैं

0

नगर निगम आयुक्त की सक्रिय कार्यशैली से निगम संपत्तियों को नया जीवन
रेनोवेशन, सुरक्षा और आय-वृद्धि,तीनों मोर्चों पर एकसाथ ठोस कार्रवाई,स्पष्ट संदेश—निगम संपत्तियां बोझ नहीं, अवसर हैं
कटनी।। नगर निगम की संपत्तियों को संरक्षित रखते हुए उन्हें आय के सशक्त स्रोत में बदलने की दिशा में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय नजर आ रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने अधिकारियों व वास्तुकारों की संयुक्त टीम के साथ नगर के करीब दर्जनभर से अधिक निगम स्वामित्व स्थलों का सामूहिक निरीक्षण कर न केवल वस्तुस्थिति का आकलन किया, बल्कि स्पष्ट, समयबद्ध और परिणामोन्मुख निर्देश भी दिए। निरीक्षण का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि निगम की पुरानी और उपेक्षित संपत्तियों को आधुनिक स्वरूप देकर सुरक्षित रखना, उनका व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करना और नगर निगम की आय को स्थायी रूप से बढ़ाना रहा। यह निरीक्षण निगम आयुक्त की उस कार्यशैली को रेखांकित करता है, जिसमें योजना, निगरानी और क्रियान्वयन तीनों एक साथ चलते हैं।
आय-वृद्धि के लिए बाजारों और संपत्तियों पर विशेष फोकस
निगमायुक्त ने बस स्टैंड स्थित दुकानों, ऑडिटोरियम के पीछे हरिजन बस्ती क्षेत्र, गोल बाजार, बिलैया तलैया सब्जी मंडी तथा बरगवां एलआईसी कार्यालय के समीप स्थित सुधार न्यास मार्केट का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सभी स्थलों के लिए रेनोवेशन, संरचनात्मक सुधार और उपयोगिता आधारित विकास प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि निगम की संपत्तियां अव्यवस्था या अतिक्रमण का शिकार होने के बजाय राजस्व अर्जन का मजबूत आधार बनें।
जनहित से समझौता नहीं दीनदयाल रसोई पर सख्त निर्देश
बस स्टैंड स्थित दीनदयाल रसोई घर के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने लाभार्थियों की संख्या, शुल्क व्यवस्था, संचालन प्रणाली और स्वच्छता मानकों की जानकारी ली। उन्होंने दो टूक कहा कि स्वच्छता, पेयजल की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमित साफ- सफाई और गुणवत्ता नियंत्रण को अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा सर्वोपरि बरगवां स्कूल के जर्जर भवन पर त्वरित कार्रवाई
मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित बरगवां स्कूल के निरीक्षण में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त ने जर्जर भवन को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही, शेष भवन की मरम्मत और संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने को कहा।
सौंदर्यीकरण और पर्यटन की संभावना
डन कॉलोनी के सामने स्थित बरगवां खदान क्षेत्र को संभावित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। वहीं, माधवनगर गेट क्षेत्र में आवागमन सुगम करने, धूल नियंत्रण और नियमित अपशिष्ट सफाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि नगर की आय वृद्धि, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाएं इन सभी को समन्वित रूप से आगे बढ़ाना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। निगम की संपत्तियों को सुरक्षित रखते हुए उनका प्रभावी और पारदर्शी उपयोग ही शहर के सतत विकास की कुंजी है। यह निरीक्षण न केवल प्रशासनिक सक्रियता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि निगम आयुक्त तपस्या परिहार नगर निगम की संपत्तियों को बचाने, संवारने और उन्हें शहर के विकास का आधार बनाने के लिए निरंतर और प्रतिबद्ध प्रयास कर रही है और यही कार्यशैली आज उन्हें अलग पहचान दिला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed