पुलिस की सक्रियता, संवेदनशीलता और नवाचार से यात्रियों को मिली सुरक्षा की गारंटी आपका सारथी कौन मुड़वारा स्टेशन पर QR कोड व बैच वितरण कार्यक्रम सफल
पुलिस की सक्रियता, संवेदनशीलता और नवाचार से यात्रियों को मिली सुरक्षा की गारंटी
आपका सारथी कौन मुड़वारा स्टेशन पर QR कोड व बैच वितरण कार्यक्रम सफल
कटनी।। आम नागरिकों एवं रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस एवं यातायात द्वारा एक और सराहनीय कदम उठाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के कुशल निर्देशन में संचालित नवाचार आपका सारथी कौन के अंतर्गत मुड़वारा स्टेशन परिसर में QR कोड एवं बैच वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया की गरिमामयी उपस्थिति में 230 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को QR कोड युक्त पहचान बैच वितरित किए गए। इस अवसर पर यातायात पुलिस की सक्रिय भूमिका एवं अनुशासित कार्यप्रणाली यात्रियों के बीच विश्वास का मजबूत आधार बनकर सामने आई।यातायात पुलिस द्वारा संचालित इस अभिनव व्यवस्था के अंतर्गत जिले के सभी ऑटो व ई-रिक्शा चालकों का डिजिटल डाटा संकलन किया जा रहा है। प्रत्येक चालक को एक विशिष्ट चालक क्रमांक प्रदान किया गया है, जिसे उसके वाहन क्रमांक से लिंक किया गया है। साथ ही प्रत्येक वाहन पर QR कोड युक्त स्टीकर लगाया गया है, जिसे स्कैन करते ही यात्री को चालक का नाम, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण सहजता से उपलब्ध हो जाएगा। यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है। QR कोड स्कैन कर यात्री सीधे कटनी यातायात पुलिस को फीडबैक या शिकायत भेज सकते हैं। यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाता है, ओवरस्पीडिंग करता है, अधिक किराया वसूलता है अथवा यात्रियों से दुर्व्यवहार करता है, तो उस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस द्वारा कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात पुलिस अधिकारियों ने चालकों को यातायात नियमों के सख्त पालन, सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की स्पष्ट हिदायत दी। यह पहल न केवल यात्रियों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में कारगर सिद्ध होगी, बल्कि यातायात पुलिस की संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। आमजन ने इस नवाचार की खुले दिल से सराहना करते हुए इसे यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी कदम बताया है। यातायात पुलिस का यह प्रयास निश्चित ही सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद यात्रा की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण है।