लाडली बहना योजना का मकसद बहनों की जिन्दगी को बेहतर बनाना-अपर कलेक्टर

0

शहडोल।अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा है कि लाडली बहना योजना लाडली बहनों की जिंदगी में नया सवेरा लाया है। लाडली बहना योजना का मकसद बहनों की जिंदगी को बेहतर बनाना है। जिले में महिला सशक्तिकरण के लिये अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं में से अनूठी लाड़ली बहना योजना से बहनों में आत्म-निर्भरता आयेगी। आगामी 10 जून को बहनों के खातों में एक-एक हजार रूपये की राशि अंतरित की जायेगी। बहनें अगले दिन 11 जून को इस राशि का बैंक आहरण कर सकेंगी।

अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा आज जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत चांपा में आयोजित मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत ग्राम सभा को संबोधित कर रहे थे। अपर कलेक्टर ने कहा कि लाडली बहना एक सामाजिक क्रांति है, इसके तहत सभी लाडली बहना सशक्त, समृद्ध हो सकेंगी। यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन से पात्र हितग्राही के परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही व्यापक स्तर पर योजना लागू होने से ग्राम और शहरों की अर्थ-व्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव होंगे।

अपर कलेक्टर ने लाडली बहनों से किया संवाद

इस दौरान अपर कलेक्टर ने लाडली बहना योजना के संबंध में पात्र लाडली बहनों से संवाद किया। संवाद के दौरान लाडली बहना श्रीमती पिंकी कुशवाहा, श्रीमती गिरिजा बाई, श्रीमती देवकी सिंह, श्रीमती आशा यादव सहित अन्य लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना से मिले राशि का क्या उपयोग करेंगी के संबंध में जानकारी दी। अपर कलेक्टर ने कहा कि 10 जून का दिन मध्यप्रदेश एवं जिले के लिए ऐतिहासिक रहेगा। लाड़ली बहनों की उपस्थिति में अद्भुत कार्यक्रम होगा। लाड़ली बहना थीम पर प्रेरक गीत बजेंगे और घरों में दीप भी जलाए जाएंगे।

ग्राम सभा का शुभारंभ अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती शालिनी तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा का स्वागत भगोरिया नृत्य से किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत चांपा के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा समस्याओं के निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दूरभाष पर दिए।

ग्राम सभा में अपर कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने लाडली बहना योजना से लाभान्वित लाडली बहना श्रीमती आराधना सोनी, श्रीमती स्वाति बाई, श्रीमती प्रीति सिंह, श्रीमती नेहा यादव, श्रीमती दुर्गावती बाई सहित अन्य बहना हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती शालिनी तिवारी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग आनंद अग्रवाल, उपसरपंच चांपा अरविंद सिंह बघेल, पूर्व उपसरपंच चांपा उमाशंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed