बड़वारा में विकास कार्यों पर एसडीएम की सख्ती, लापरवाही पर अधिकारियों की क्लास पेयजल, वैक्सीनेशन और राजस्व मामलों में तय समयसीमा के साथ दिए कड़े निर्देश
बड़वारा में विकास कार्यों पर एसडीएम की सख्ती, लापरवाही पर अधिकारियों की क्लास
पेयजल, वैक्सीनेशन और राजस्व मामलों में तय समयसीमा के साथ दिए कड़े निर्देश
कटनी।। जिले में विकास कार्यों की रफ्तार को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद चतुर्वेदी ने बुधवार को तहसील बड़वारा सभाकक्ष में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली की सख्त समीक्षा की। बैठक में पेयजल, एचपीवी वैक्सीनेशन, ई-विकास पोर्टल, ई-उपार्जन, फार्मर रजिस्ट्री, सीमांकन, एलपीजी एवं खाद्यान्न वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए एसडीएम ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पेयजल व्यवस्था पर फोकस, खराब हैंडपंप तत्काल सुधारने के निर्देश
एसडीएम ने पीएचई विभाग को निर्देश दिए कि सभी खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए और नल-जल योजनाओं का शत-प्रतिशत संचालन हो। जिन गांवों में पेयजल संकट है, वहां टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत एवं तहसीलदार को दिए गए। साथ ही कलेक्टर द्वारा 1 अप्रैल से नए नलकूप खनन पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर निजी बोर अधिग्रहित कर ग्रामीणों को राहत देने की बात भी कही गई।
एचपीवी वैक्सीनेशन में लापरवाही पर नाराजगी
एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी की बिना सूचना अनुपस्थिति पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने 14-15 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।
ई-गवर्नेंस और राजस्व कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
ई-विकास पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए, वहीं ई-उपार्जन पोर्टल पर किसानों के पुनः सत्यापन की जिम्मेदारी तहसीलदार को सौंपी गई। फार्मर रजिस्ट्री में धीमी प्रगति पर तीन पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। लंबित सीमांकन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
खाद्यान्न और एलपीजी वितरण में पारदर्शिता जरूरी
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को एलपीजी और खाद्यान्न वितरण की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संदेश साफ—काम में ढिलाई नहीं चलेगी
बैठक के अंत में एसडीएम श्री चतुर्वेदी ने दो टूक कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में तहसीलदार ऋषि गौतम, सीईओ जनपद पंचायत सुश्री प्रभावती तेकाम, जेएसओ यज्ञदत्त त्रिपाठी, एसएडीओ आर.के. रावत, बीईओ एस.एम. सिंह, बीआरसी शशांक तेकाम, पीएचई उपयंत्री अखिलेश सार्वे, महिला बाल विकास विभाग से अर्पिता प्यासी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए समयसीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।