शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में माइनिंग एवं माइनिंग सर्वेइंग पाठ्यक्रम शुरू होने का मार्ग प्रशस्त विधायक मुड़वारा की कोशिशों को मिली कामयाबी संदीप श्री प्रसाद जायसवाल ने मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद के प्रति जताया आभार
शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में माइनिंग एवं माइनिंग सर्वेइंग पाठ्यक्रम शुरू होने का मार्ग प्रशस्त
विधायक मुड़वारा की कोशिशों को मिली कामयाबी
संदीप श्री प्रसाद जायसवाल ने मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद के प्रति जताया आभार
कटनी।। खनिज सम्पदा संपन्न जिले में खनिज संबंधी व्यवसाय की अधिकता और माइनिंग कार्य में दक्ष और प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने शासकीय पालीटेक्निक कालेज में माइनिंग एवं माइनिंग सर्वेइंग पाठ्यक्रम प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल के द्वारा मुख्यमंत्री और राज्य शासन स्तर पर किये गये प्रयास रंग लाए और अब राज्य शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के उपसचिव ने पत्र जारी कर शासकीय पोलीटेकनिक महाविद्यालय में एक नवीन पाठ्यक्रम माइनिंग एवं माईन सर्वेईंग प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित होने की जानकारी दी है। विधायक श्री जायसवाल ने बताया कि इस नवीन संकाय को शुरू करने अतिरिक्त निर्माण कार्य हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत विस्तृत प्राक्कलन के आधार पर विल्टअप एरिया 2918.15 वर्गमीटर हेतु राशि 5 करोड़ 43 लाख 51 हजार रुपए के व्यय की अनुशंसा समिति द्वारा की गई है। शासन द्वारा इसकी स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है। विधायक ने काफी अर्से से लंबित इस मांग की पूर्ति के सद्प्रयासों और जिले को इस महती सौगात के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में माइनिंग एवं माइनिंग सर्वेइंग पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव जिला कौशल समिति द्वारा पहले ही भेजा जा चुका था। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य नरेन्द्र बरखेडकर ने बताया कि भवन निर्माण के बाद नवीन पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि अभी वर्तमान में शासकीय पालीटेक्निक महाविद्यालय में चार पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। जिनमें सिविल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस और मैकेनिकल इंजीनियरिंग का पाठ्यक्रम शामिल हैं।