तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेला 28 मार्च से, सस्ती किताबों के साथ मिलेगा करियर मार्गदर्शन

0

तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेला 28 मार्च से, सस्ती किताबों के साथ मिलेगा करियर मार्गदर्शन
कटनी।। स्कूली बच्चों और अभिभावकों को न्यूनतम एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां और गणवेश उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी की पहल पर यह मेला शहर के हृदय स्थल सुभाष चौक स्थित साधुराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में शनिवार 28 मार्च से प्रारंभ होगा।
मेला प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। इस मेले में सभी निजी स्कूलों की पाठ्य पुस्तकें एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे अभिभावकों को अलग-अलग स्थानों पर भटकना न पड़े।
विशेष रूप से मेले में बुक बैंक स्टॉल भी लगाया जा रहा है, जहां पुरानी पाठ्य पुस्तकों का संग्रहण और वितरण किया जाएगा। इस पहल के तहत गरीब एवं जरूरतमंद छात्रों को निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
पुस्तक एवं कॉपियों के विक्रय के लिए करीब 40 से 50 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न पुस्तक विक्रेता और प्रकाशक शामिल होंगे। इसके साथ ही मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिससे आयोजन में उत्सव का माहौल बना रहेगा।
मेले में आने वाले बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, वहीं खान-पान के लिए व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी और अभिभावकों व छात्रों के मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा। जिला प्रशासन का यह प्रयास शिक्षा को सुलभ और किफायती बनाने के साथ-साथ जरूरतमंद छात्रों को सहायता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed