प्रस्फुटन समितियों को दिया गया प्रशिक्षण, ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

0

प्रस्फुटन समितियों को दिया गया प्रशिक्षण, ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
कटनी।। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक–5 हीरापुर कौड़िया में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की क्षमता वृद्धि के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति, कटनी द्वारा ग्राम पंचायत भवन हीरापुर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हीरापुर कौड़िया की सरपंच श्रीमती पुनीता बाई पटेल, उपसरपंच प्रतिनिधि प्रदीप कुमार बड़गैंया, आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल तथा विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने जीवन में कुछ करना है तो मन को मारे मत बैठो गीत के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए प्रशिक्षण के महत्व और उसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में नवांकुर संस्था मंथन समाज विकास समिति बंडा के सेक्टर प्रभारी हीरामणि हल्दकार ने समग्र ग्राम विकास विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि प्रस्फुटन समितियां समुदाय के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें तो ग्राम के विकास में जनभागीदारी को मजबूत किया जा सकता है।
तृतीय सत्र में नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति की अध्यक्ष साध्वी निगम ने प्रस्फुटन समितियों के कार्यालय संचालन, कार्य प्रणाली एवं दस्तावेजीकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं के गठन, पंजीयन, प्रबंधन, धारा 27–28, प्रबंधकारिणी समिति एवं साधारण सभा की बैठकों और उनके प्रतिवेदन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी तथा समितियों को संस्थाओं के पंजीयन के लिए प्रेरित किया।
चतुर्थ सत्र में जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने प्रस्फुटन समितियों को शासन और समाज के बीच सेतु बनकर कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ग्राम की आवश्यकताओं के अनुरूप रचनात्मक कार्य किए जा सकते हैं।
इस दौरान आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले ने सकारात्मक और रचनात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तनावमुक्त जीवन के उपाय बताए और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बताया कि हमारी सोच का हमारे कार्यों पर सीधा प्रभाव पड़ता है।
प्रशिक्षण में सहभागी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था की सेक्टर प्रभारी साध्वी निगम ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला में सेक्टर की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों सहित नवांकुर सखियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में धर्मेंद्र द्विवेदी, मनदीप टुटेजा, प्रिया राय एवं निधि सिंह का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed