वसूली कार्य में लापरवाही पर दो राजस्व कर्मी निलंबित
वसूली कार्य में लापरवाही पर दो राजस्व कर्मी निलंबित
कटनी। नगर निगम में बकाया करों की वसूली कार्य में लापरवाही बरतने पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने दो सहायक राजस्व निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मचारियों में संतोष बिरहा और अजय निगम शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार विशेष वसूली शिविर के दौरान दोनों राजस्व कर्मियों द्वारा अपने-अपने वार्डों में एक भी कर रसीद जारी नहीं की गई। शासन स्तर पर मॉनिटरिंग में यह लापरवाही सामने आने के बाद निगमायुक्त ने इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की। पूर्व में भी दोनों कर्मचारियों को समीक्षा बैठकों में चेतावनी दी गई थी और 12 जनवरी को चेतावनी पत्र भी जारी किया गया था, इसके बावजूद वसूली कार्य में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय जोन क्रमांक-1 बस स्टैंड ऑडिटोरियम, नगर निगम कटनी निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।