हर वार्ड, समान विकास की सोच के साथ चमड़ा गोदाम रोड पर निगम की त्वरित कार्रवाई,मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण,महापौर ने संभाला मोर्चा दिए त्वरित समाधान के निर्देश

0

हर वार्ड, समान विकास की सोच के साथ चमड़ा गोदाम रोड पर निगम की त्वरित कार्रवाई,मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण,महापौर ने संभाला मोर्चा दिए त्वरित समाधान के निर्देश
कटनी।। नगर निगम द्वारा नागरिक समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में संवेदनशील प्रशासनिक कार्यप्रणाली का उदाहरण सामने आया है। बिरसा मुंडा वार्ड अंतर्गत पन्ना मोड़ के समीप स्थित चमड़ा गोदाम रोड पर व्याप्त अव्यवस्थाओं की जानकारी मिलते ही नगर की प्रथम नागरिक महापौर प्रीति संजीव सूरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने बताया कि नाली का दूषित पानी सड़क पर बहने से आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही जर्जर सड़क, अवरुद्ध नालियां एवं अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने मौके पर उपस्थित एमआईसी सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाए।
महापौर के निर्देशानुसार जेसीबी मशीन के माध्यम से नाले की सफाई का कार्य तुरंत प्रारंभ कराया गया, जिससे सड़क पर बह रहे गंदे पानी की निकासी संभव हो सकी। इसके साथ ही केडीसी से लेकर चमड़ा गोदाम रोड तक संपूर्ण मार्ग का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने एवं आवश्यकता अनुसार नई लाइटें स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य ,समाजसेवी तुलाराम गोटिया, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनौजिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन का दायित्व केवल समस्याओं का तात्कालिक निराकरण करना ही नहीं, बल्कि समयबद्ध एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना भी है। हर वार्ड, समान विकास की भावना के साथ नगर के सभी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना निगम की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed