युवा संगम से बदली कटनी के युवाओं की तस्वीर रोजगार आयुक्त ने की कलेक्टर की प्रशंसा, प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल

0

युवा संगम से बदली कटनी के युवाओं की तस्वीर
रोजगार आयुक्त ने की कलेक्टर की प्रशंसा, प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल
कटनी।। जिले ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक नई मिसाल कायम की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के कुशल मार्गदर्शन और प्रभावी प्रशासनिक पहल के परिणामस्वरूप जिले ने युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे मध्यप्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रोजगार आयुक्त गिरीश शर्मा ने कलेक्टर श्री तिवारी की खुले मंच से प्रशंसा करते हुए प्रशंसा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि आपके नेतृत्व में किया गया कार्य सराहनीय है। भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग और नवाचार की अपेक्षा है।
यह प्रशंसा जिले की प्रशासनिक प्रतिबद्धता और युवाओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाती है।
जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल माह से अब तक जिले में 8 बड़े रोजगार मेलों का सफल आयोजन किया गया। इन मेलों के माध्यम से 2312 युवाओं का प्राथमिक चयन कर उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किए गए, 297 युवाओं को अप्रेंटिसशिप के अवसर मिले,जबकि 2599 आवेदकों को स्वरोजगार के लिए ऋण वितरित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाया गया। युवा संगम के माध्यम से जिला न केवल रोजगार उपलब्ध कराने में अग्रणी बना है, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त करने की दिशा में भी एक मजबूत पहचान बना रहा है। यह उपलब्धि निश्चित रूप से अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है और कटनी को युवा हितैषी जिले के रूप में स्थापित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed