रायल्टी में गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस खदान संचालकों को अंतिम चेतावनी,लाइम स्टोन खदानों में सघन जांच अभियान स्टॉक-उत्पादन का खुला हिसाब, 28 मार्च डेडलाइन

0

रायल्टी में गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस खदान संचालकों को अंतिम चेतावनी,लाइम स्टोन खदानों में सघन जांच अभियान स्टॉक-उत्पादन का खुला हिसाब, 28 मार्च डेडलाइन
कटनी।। जिले में शासन-प्रशासन ने खनिज कारोबार में पारदर्शिता और राजस्व बढ़ाने के लिए सख्त रुख अपना लिया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पहले कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग का अमला पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
मंगलवार को तहसील विजयराघवगढ़ क्षेत्र में संचालित चूना पत्थर लाइम स्टोन खदानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान खदानों में उत्पादित खनिज और उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर पोर्टल में दर्ज आंकड़ों से मिलान किया गया। जांच का मुख्य उद्देश्य उत्पादन और स्टॉक के बीच किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकना और राजस्व की हानि पर अंकुश लगाना रहा।
खनिज अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खदान संचालक अपने स्टॉक का शीघ्र प्रेषण करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर रायल्टी राशि जमा करें। निरीक्षण के दौरान ग्राम नन्हवारा, सुनहरी, सलेया, आमहेटा, विस्तरा और बड़ारी क्षेत्र की खदानों की जांच की गई, जहां सीमको, कर्मचंद्र, दुबास, आर.बी. गौर और रवि ग्रोवर की खदानें शामिल रहीं। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि 28 मार्च तक रायल्टी जमा नहीं करने या कम भुगतान पाए जाने पर संबंधित खदान संचालकों के खिलाफ सख्त रिकवरी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप संचालक खनिज आर.के. दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमल कांत परस्ते सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। खनिज विभाग द्वारा शेष खदानों में भी सत्यापन की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed