खेत की मेड़ पर फंदे से लटका मिला किसान,दो सुसाइड नोट बने सबूत, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 6 आरोपी सलाखों के पीछे सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर हुई कार्रवाई, बीएनएस की धारा 108 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज
खेत की मेड़ पर फंदे से लटका मिला किसान,दो सुसाइड नोट बने सबूत, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 6 आरोपी सलाखों के पीछे
सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर हुई कार्रवाई, बीएनएस की धारा 108 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज
कटनी।। उमरियापान थाना पुलिस ने जमीनी विवाद से जुड़े आत्महत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम बारगांव निवासी सोहबत लाल चक्रवर्ती (50) ने अपने खेत की मेड़ पर स्थित नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इस संबंध में थाना उमरियापान में मर्ग क्रमांक 17/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से दो सुसाइड नोट मिले। साथ ही मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि मृतक का अपने चाचा पक्ष के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि जमीन पर कब्जे को लेकर लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने से मृतक परेशान था।
पुलिस जांच के आधार पर जगदीश चक्रवर्ती, जगन्नाथ चक्रवर्ती, बैजनाथ चक्रवर्ती, रामनाथ चक्रवर्ती, गीता बाई चक्रवर्ती एवं सरला बाई चक्रवर्ती के विरुद्ध अपराध क्रमांक 206/26 धारा 108 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया। उमरियापान पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी आरोपियों को जिला जेल कटनी भेज दिया गया।