बड़ी खबर ……..पिस्टल और छः राउंड मैगजीन सहित बुढ़ार के राजा उर्फ राजकुमार गिरफ्तार

(शम्भू यादव @ 9826550631)

शहडोल । जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले कुछ बदमाश गिरोह बनाकर गांजे जैसे मादक पदार्थ का कारोबार कर रहे थे, गांजे को उड़ीसा सहित अन्य स्थानों से लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बेचने और मुख्य मार्ग से वाहनों के माध्यम से गांजे की तस्करी की जाने की सूचना मिलने के बाद सोहागपुर पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिये पुलिस अधीक्षक निमिष अग्रवाल के मार्गदर्शन में मुखबिरों का जाल फैलाया था, बीते कुछ दिनों से चल रही इस कवायद को आखिरकार सोमवार को सफलता हाथ लग ही गई। पुलिस ने गांजे का अवैध कारोबार करने वाले दो युवकों को चार पहिया वाहन में गांजा तस्करी करते हुए, मय गांजे के गिरफ्तार किया है, साथ ही उनके पास से अवैध हथियार भी जब्त किये गये।
घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
सोमवार 18 नवम्बर को सोहागपुर थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला को यह जानकारी लगी कि जयसिंहनगर की तरफ से सिल्वर कलर का चार पहिया वाहन क्रमांक एमपी 18 सीए 2007 आ रहा है, जिसमें मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है, सूचना पुष्ट होने के बाद पुलिस अधीक्षक निमिष अग्रवाल और उप पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई और उनके निर्देशन में जयसिंहनगर से शहडोल आने वाले मार्गों पर तत्काल चैकिंग लगवाई गई, इस दौरान कोनी तिराहा सिद्धबाबा मंदिर के पास एक सिल्वर कलर की कार को रोका गया, लेकिन गाड़ी रोकते ही दो व्यक्ति जो गाड़ी की पीछे वाली सीट पर बैठे थे, वे उतरकर भागने लगे, पुलिस द्वारा इन्हें दौड़ाया तो गया, लेकिन वे पकड़े नहीं जा सके। हालांकि आगे की सीट में बैठे चालक और एक अन्य युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पिस्टल, कारतूश और गांजा जब्त
जांच के दौरान गाड़ी चला रहे सुनील पाल एवं साथ बैठे राजकुमार उर्फ राजा गुप्ता पिता द्वारिका गुप्ता निवासी झिरिया थाना बुढ़ार के रूप में पहचान हुई, जबकि भागने वालों में विश्वनाथ शर्मा उर्फ बूदन महाराज निवासी झिरिया थाना बुढ़ार तथा लक्की उर्फ लवकेश सिंह निवासी टिकुरीटोला बुढ़ार बताये गये। वाहन व आरोपियों की तलाशी के दौरान कार से 4.240 किलोग्राम गांजा और राजकुमार उर्फ राजा के पास से पिस्टल जिसमें 6 राउंड के मैंगजीन लोड थे, जब्त किये गये। इधर पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी।
13 लाख 50 हजार का मशरूका
थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला ने बताया कि आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन करने में उपयुक्त कार्य एमपी-18 सीए 2007 एवं अवैध पिस्टल, मय कारतूश सहित गांजा की जब्ती बनाई गई, उसके बाद आरोपी सुनील पाल एवं राजकुमार गुप्ता की गिरफ्तारी कर थाने लाया गया, जिनके विरूद्ध प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया। जब्त हुए कुल मशरूके की कीमत तकरीबन 13 लाख 50 हजार रुपये आकी गई है एवं अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इनकी रही भूमिका
पुलिस अधीक्षक निमिष अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया, उप पुलिस अधीक्षक बी.डी.पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला, एएसआई रजनीश तिवारी, रामराज पाण्डेय, प्रधान आरक्षक कन्हैया लाल, रामप्रसाद चौबे, राकेश पाण्डेय, आरक्षक लाला चौधरी, विष्णु बागरी, गजरूप सिंह, शिवकरण यादव, तरूण गाबले व चालक प्रधान आरक्षक मुमताज कुरैशी की भूमिका रही।

You may have missed