जिला न्यायालय क्षेत्र से प्रारंभ हुआ रोड मार्किंग कार्य, सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन को मिलेगा बढ़ावा

0

जिला न्यायालय क्षेत्र से प्रारंभ हुआ रोड मार्किंग कार्य, सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन को मिलेगा बढ़ावा
कटनी।। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा नगर के मुख्य मार्गों में रोड मार्किंग कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत जिला न्यायालय परिसर एवं आसपास के मार्गों से की गई, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों एवं वाहनों का आवागमन होता है। निगम प्रशासन के निर्देशन में संचालित इस कार्य का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करना, यातायात संचालन को व्यवस्थित बनाना तथा आमजन को सुरक्षित आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। रोड मार्किंग के माध्यम से सड़कों पर लेन निर्धारण, स्टॉप लाइन, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, दिशा संकेत एवं अन्य यातायात संकेतों को स्पष्ट रूप से चिन्हित किया जा रहा है, जिससे वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों दोनों को सुविधा प्राप्त होगी। वहीं अनधिकृत रूप से सार्वजनिक मार्गों में अतिक्रमण कर व्यवसाय करने की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी। निगम प्रशासन का मानना है कि सुव्यवस्थित रोड मार्किंग से यातायात अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा, दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी तथा व्यस्त मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। विशेष रूप से न्यायालय क्षेत्र जैसे संवेदनशील एवं व्यस्त स्थानों पर यह कार्य नागरिक सुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर निगम के सिटी ट्रांसपोर्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश पवार ने बताया कि शहर के अन्य प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से रोड मार्किंग कार्य कराया जाएगा। निगम प्रशासन की यह पहल शहर को आधुनिक, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed