सड़क पर नियमों से नही होंगा खिलवाड़ कटनी-निवार मार्ग पर चला जांच अभियान, कई अनियमितताओं के बाद वाहन जब्त दस्तावेज नहीं, टैक्स भी बकाया,राजस्व हानि
सड़क पर नियमों से नही होंगा खिलवाड़
कटनी-निवार मार्ग पर चला जांच अभियान, कई अनियमितताओं के बाद वाहन जब्त
दस्तावेज नहीं, टैक्स भी बकाया,राजस्व हानि
कटनी।। जिले में सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कटनी-निवार मार्ग पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले एक वाहन पर बड़ी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक एमपी-20-पीए-1688 में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। परिवहन विभाग की पड़ताल में पाया गया कि वाहन बिना वैध परमिट के संचालित किया जा रहा था, जो मोटर व्हीकल एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके साथ ही वाहन का बीमा, फिटनेस प्रमाण पत्र और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) भी अमान्य पाए गए। कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित वाहन का कर जून 2023 से जमा नहीं किया गया था, जिससे शासन को राजस्व हानि हो रही थी। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल वाहन को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को निवार चौकी में सुरक्षित रखा गया है, जहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज—परमिट, बीमा, फिटनेस एवं पीयूसी—समय पर अपडेट रखें तथा वाहन कर नियमित रूप से जमा करें, ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।