वेंकटनगर में रेल रोको आंदोलन: कोविड पूर्व ट्रेनों के ठहराव बहाली की मांग, 20 अप्रैल तक अल्टीमेटम
गिरीश राठौर
वेंकटनगर में रेल रोको आंदोलन: कोविड पूर्व ट्रेनों के ठहराव बहाली की मांग, 20 अप्रैल तक अल्टीमेटम
अनूपपुर जिले के वेंकटनगर में शनिवार को कांग्रेस नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने कोविड-19 से पहले संचालित यात्री ट्रेनों के ठहराव बहाल करने की मांग को लेकर जोरदार रेल रोको आंदोलन किया। पुलिस बल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आंदोलनकारी रेलवे स्टेशन तक नहीं पहुंच सके, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त किया।

अनूपपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र वेंकटनगर में शनिवार 21 फरवरी को बस स्टैंड चौराहे पर रेल रोको आंदोलन आयोजित किया गया। आंदोलन का नेतृत्व पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल लाल सिंह मार्को एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने किया। कोविड-19 के पूर्व वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली कई यात्री ट्रेनों के ठहराव बंद होने से क्षेत्रवासियों में लंबे समय से असंतोष था, जिसे लेकर स्थानीय नागरिक, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए।
दोपहर लगभग 12 बजे से शुरू हुआ आंदोलन करीब 2 बजे तक चला। प्रदर्शनकारी वेंकटनगर-पेंड्रा मार्ग स्थित बस स्टैंड चौराहे पर सड़क पर बैठ गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। आंदोलनकारियों को रेलवे स्टेशन तक पहुंचने से रोकने के लिए स्थानीय पुलिस, जिला पुलिस बल और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भारी तैनाती की गई। स्टेशन पहुंच मार्ग को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया, जिसके कारण प्रदर्शनकारी रेल पटरियों तक नहीं पहुंच पाए।

स्थिति को देखते हुए बिलासपुर मंडल के रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क पर ही बैठकर आंदोलनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने मांगों पर विचार के लिए तीन माह का समय मांगा तथा ज्ञापन प्राप्त किया। हालांकि नेताओं ने रेलवे प्रशासन को 20 अप्रैल तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि बंद ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं किया गया तो 21 अप्रैल को बिना सूचना व्यापक रेल रोको आंदोलन किया जाएगा।
आंदोलन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, संतोष पांडे, स्वदेश शुक्ला (उपसरपंच वेंकटनगर), योगेंद्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और लगातार बातचीत के बाद आंदोलन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।