करीब 15 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड स्पोटर्स कॉम्पलेक्स से कटनी जिला सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान वाले देश के चुनिंदा जिलों में हो जाएगा शामिल

0

करीब 15 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड स्पोटर्स कॉम्पलेक्स से कटनी जिला सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान वाले देश के चुनिंदा जिलों में हो जाएगा शामिल


कटनी। फारेस्टर प्लेग्राउंड में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का सर्वसुविधायुक्त अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। करीब 15 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले इस इंटीग्रेटेड स्पोटर्स कॉम्पलेक्स के बनने से कटनी जिला सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान वाले देश के चुनिंदा जिलों में शामिल हो जाएगा। इंटीग्रेटेड स्पोटर्स कॉम्पलेक्स के निर्माण में गुणवत्ता, डिजायन और ड्राइंग का खास ध्यान रखा जाना, पवेलियन, चेंजिंग रूम सहित मल्टीलेवल पार्किंग की समुचित और अत्याधुनिक व्यवस्था होगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्पोटर्स कॉम्पलेक्स के निर्माण में जहां उपयुक्त हो, वहां पर कटनी स्टोन का उपयोग किया जाए। एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत कटनी जिले के लिए कटनी सेंड स्टोन का चयन किया गया है और इससे इसकी ब्रांडिंग भी होगी। भविष्य में यहां पर क्रिकेट का अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच का भी आयोजन कराया जा सके इसके लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में निर्देशित किया कि इसके निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्माण का स्वरूप भी अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप होना चाहिए। बैठक में बताया गया कि यहां क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए उच्च स्तरीय सुविधा मौजूद रहेगी। बैठक में रेलवे के प्रतिनिधि ने फारेस्टर प्लेग्राउंड के समीप ही रेलवे की जमीन पर करीब 34 किमी. लंबे देश के सबसे लंबे ग्रेड सेपरेटर बनने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि ग्रेड सेपरेटर निर्माण के प्लान को निर्माण एजेंसी मप्र पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन के साथ शेयर करे ताकि भविष्य में स्पोटर्स कॉम्पलेक्स निर्माण में कोई दिक्कत न हो। विदित हो कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा कटनी में इंटीग्रेटेड स्पोटर्स कॉम्पलेक्स निर्माण हेतु करीब  10. 24  करोड़ रूपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। जबकि शेष 5 करोड़ रूपये की व्यवस्था जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से की गई है। इस प्रकार करीब 15 करोड़ रूपये से अधिक की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। इंटीग्रेटेड स्पोटर्स कॉम्पलेक्स में दर्शकों व खिलाडि़यों की सुविधा के लिए चौपाटी में 8 करोड़ 88 लाख रूपये की लागत से मल्टीलेबल पार्किंग का निर्माण भी प्रस्तावित है। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे को निर्देशित किया कि स्पोटर्स कॉम्पलेक्स निर्माण हेतु ड्रेनेज सीवर लाइन आदि से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर निर्माण एजेंसी से चर्चा करें। श्री मिश्रा ने कहा कि पूरा स्पोटर्स कॉम्पलेक्स भव्य स्वरूप में दिखे इसके लिए आउटर लुक, कलर शेड और पार्किंग के रंगों में समरूपता होनी चाहिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे, मप्र हाउसिंग बोर्ड कार्यपालन यंत्री टीएस तिर्की,  प्रोजेक्ट इंजीनियर सुधीर श्रीवास्तव, आर्किटेक्ट अरूण के बिज, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री हरी सिंह ठाकुर सहित खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed