चीफ, डिप्टी एवं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस हेतु आवेदन 5 सितम्बर तक

शहडोल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सेवा प्रदाय करने के उद्देश्य से ए.डी.आर. सेन्टर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम को प्रारंभ किया जा रहा है। इस सिस्टम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल की नियुक्ति होगी, जिला न्यायाधीश एवं विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल की सचिव श्रीमती निशा विश्वकर्मा ने जानकारी दी है कि चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल के लिए कम से कम 10 वर्ष, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल के लिए कम से कम 7 वर्ष तथा असिस्टेंट चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल के लिए 0 से 3 वर्ष के वकालत का अनुभव आवश्यक है। उक्त पदों पर चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के नियमानुसार मानदेय का भुगतान किया जायेगा।
उल्लेखित पदों पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 सितंबर 2022 है। यह आवेदन कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल में दिनांक 05सितंबर2022 को शाम 6 बजे तक अथवा इसके पूर्व जमा किया जा सकता है। अधिक जानकारी एवं आवेदन के प्रारूप के लिए कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में संपर्क किया जा सकता है।