हिट एंड रन से दहला शहर: तेज रफ्तार इनोवा ने स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर, दूर तक घसीटने की बात—पुलिस ने वाहन किया डिटेक्ट
शहडोल। शहर के व्यस्ततम मार्ग पर देर रात तेज रफ्तार इनोवा वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार करीब 45 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन क्रमांक MP18 BB 2683 जो किसी चंद्र पाण्डेय के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसको डिटेक्ट कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी राघवेन्द्र तिवारी ने वाहन की पहचान होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
जानकारी के अनुसार PTS रीवा निवासी सरोज जायसवाल अपने भाई के साथ रीवा से बिलासपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन की ओर जा रही थीं। बताया गया कि रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच बुढार चौक से गांधी चौक के मध्य कांग्रेस भवन के सामने तेज रफ्तार इनोवा ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला स्कूटी सहित काफी दूर तक घिसटती चली गई।
तेज रफ्तार वाहन ने मचाई धमा-चौकड़ी?
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इनोवा वाहन घटना से पहले भी शहर के भीतर तेज रफ्तार से दौड़ रहा था और अन्य स्थानों पर भी दुर्घटनाएं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की गतिविधियों और चालक की पहचान से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सके।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि वाहन में सवार युवक शराब के नशे में थे तथा उनका संबंध प्रभावशाली परिवार से बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इन दावों की अभी पुष्टि नहीं की है। वाहन आरटीओ में किसी पाण्डेय नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
कोतवाली मुख्यालय के मार्ग पर सुरक्षा पर सवाल
जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह शहर का महत्वपूर्ण मार्ग है और कोतवाली मुख्यालय की ओर जाने वाले मार्ग में आता है। ऐसे में देर रात तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और यातायात निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहडोल में तेज रफ्तार और कथित नशे में वाहन चलाने से जुड़े हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता बढ़ी है।
कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया तथा यातायात को व्यवस्थित कराया। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वाहन से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामला हिट एंड रन का है और पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।