खिरहनी फाटक में चाकूबाजी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार मोबाइल फोन छुड़ाने को लेकर पुरानी रंजिश में युवक पर किया चाकू से हमला, घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध पूर्व से 12 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध

0

खिरहनी फाटक में चाकूबाजी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार
मोबाइल फोन छुड़ाने को लेकर पुरानी रंजिश में युवक पर किया चाकू से हमला, घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद
गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध पूर्व से 12 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध
कटनी।। दिनांक 16.09.2026 को प्रातः खिरहनी फाटक, कटनी में पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ विवाद कर उसका मोबाइल फोन छीनने एवं जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला करने वाले आरोपी तरूण जाटव को कोतवाली पुलिस द्वारा घटना के चंद घंटों के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है। दिनांक 16.09.2026 को प्रातः करीब 06:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि खिरहनी फाटक निवासी सुमित जाटव पिता संतोष जाटव, उम्र 21 वर्ष को तरूण जाटव द्वारा पुरानी रंजिश के चलते चाकू मारकर घायल कर दिया गया है, जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा जिला अस्पताल पहुंचकर घायल सुमित जाटव से घटना के संबंध में पूछताछ की गई। घायल द्वारा बताया गया कि वह सुबह अपने घर से किराना दुकान पर ब्रश खरीदने के लिए गया था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित तरूण जाटव वहां आया और उसका आईफोन छीन लिया। सुमित द्वारा मोबाइल वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए विवाद किया तथा अपनी जेब से चाकू निकालकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। चाकू सुमित के बाएं पैर की जांघ में लगा, जिससे खून निकलने लगा। उसके चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली कटनी में *अप.क्र. 1058/2026, धारा 296(बी), 109(1), 304(2) बीएनएस* का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी तरूण जाटव की तलाश हेतु खिरहनी फाटक एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी तरूण जाटव रेल्वे कॉलोनी स्थित लाल ग्राउण्ड के पास घूम रहा है तथा फरार होने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजकर घेराबंदी की गई और आरोपी तरूण जाटव को पकड़ लिया गया। आरोपी की निशानदेही/कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी तरूण जाटव थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है, जिसके विरूद्ध पूर्व से 12 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना पाए गए हैं। आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए उसके विरूद्ध जिलाबदर की कार्यवाही हेतु प्रकरण भी तैयार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed