धान उपार्जन केंद्रों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, बारदाने से लेकर भंडारण तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 06 नवंबर 2026/ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है।

किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने पेंड्रा, नवागांव, देवरी कला एवं कुड़कई धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत देखी।

उन्होंने बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, चबूतरों की स्थिति, परिसरों की साफ-सफाई एवं समतलीकरण, पंजीकृत किसानों की संख्या आदि की जानकारी ली तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में धान के सुरक्षित भंडारण और व्यवस्थित रखरखाव के लिए पहले से फड़ तैयार किए जाएं, ताकि खरीदी के दौरान अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पेण्ड्रारोड श्री विक्रांत अंचल भी उपस्थित थे।
