अवैध शराब‘ छत्तीसगढ जाने से नही रोक पा रही पुलिस
Shrisitaram patel-9977922638
अवैध शराब‘ छत्तीसगढ जाने से नही रोक पा रही पुलिस
छत्तीसगढ पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पकडी मध्यप्रदेश की अवैध शराब
पूछताछ में जैतहरी थाना क्षेत्र के शराब दुकान से निकली ठेकेदार की शराब
अवैध शराब की तस्करी शहडोल संभाग से छत्तीसगढ राज्य तक वर्षो से हो रही है, मुख्य मार्गो सहित राज्य की सीमा में पुलिस का पहरा रहता है, उसके बावजूद भी लगातार शराब की पेटिया पार हो रही है। भले ही अनूपपुर पुलिस कार्यवाही करने में असफल हो, लेकिन छत्तीसगढ पुलिस अवैध तस्करो को पकडने में सफल रही है। एक बार फिर 8 फरवरी को छ.ग. पुलिस की टीम ने 90 पेटी एमपी की शराब पकडी है।
अनूपपुर। बीते दिनो 8 फरवरी को छत्तीसगढ राज्य के बलौदाबाजार जिला स्थित थाना सिगमा एवं सायबर सेल की संयुक्त पुलिस ने एमपी की गोवा शराब का जखीरा पकडा है, आरोपियों से पूछताछ में उक्त शराब को जैतहरी जिला अनूपपुर मध्यप्रदेश के प्राइवेट ठेकेदार से खरीदकर लाने एवं ज्यादा दामों में भिलाई एवं बलौदाबाजार के कोचियों को देने की बात स्वीकार किया। गौरतलब हो कि यह पहला मौका नही है जब शहडोल संभाग की शराब छत्तीसगढ पुलिस द्वारा जब्त की गई हो, इसके पहले कई बार अवैध शराब पर कार्यवाही की गई है, लेकिन संभाग की पुलिस और एमपी-छग की सीमा पर तैनात जवानों ने असफलता ही हाथ लगी है।
जैतहरी में संचालित है अवैध आहाता

थाना जैतहरी अंतर्गत संचालित शराब दुकान व बगल में संचालित अवैध अहाता दर्शाता है कि पुलिस जानबूझ कर अंजान बनी हुई है। वही छत्तीसगढ के थाना सिगमा में पकडे गये आरोपियों ने जैतहरी स्थित शराब दुकान से शराब ले जाना स्वीकारा है। हालांकि सिगमा थाना प्रभारी ने बात-चीत के दौरान जांच पूर्ण होने तक स्पष्ट नही होना बताया है, फिलहाल जांच जारी है, जांच के बाद शराब कहां से गई यह स्पष्ट हो जायेगा। लेकिन जैतहरी पुलिस को यह नही पता की शराब दुकान के बगल में मल्हार भोजनालय के नाम पर संचालित अहाता अवैध है और बाकायदा दिन रात लोगों को बैठाकर शराब परोसी जा रही है।
90 पेटी अवैध शराब जब्त
थाना सिगम पुलिस ने बीते दिनो अनुपम पेट्रोल पंप दरचुरा के पास नाकाबंदी कर पुलिस टीम ने फिल्मी स्टाइल में पांच कुख्यात शराब तस्करों को धर दबोचा। आरोपियों से 90 पेटी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है, पिकअप और कार भी जब्त की गई है, आरोपियों से 23,820 रुपए नगद एवं 7 मोबाइल भी बरामद किया गया है।
बचाव के लिए पायलेटिंग
इस मामले में मुख्य सप्लायर भिलाई निवासी राजेश साहू उर्फ चीकू को भी गिरफ्तार किया गया, ये तस्कर सिमगा के रास्ते एमपी गोवा की शराब ला रहे थे, शराब परिवहन के दौरान बचाव के लिए कार द्वारा पायलेटिंग किया जा रहा था। पकडे गए आरोपियों में राजेश साहू उर्फ चीकू पिता सुरेन्द्र कुमार साहू देवरी थाना आरंग जिला रायपुर हाल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी उमंदा भिलाई-03 पुरानी भिलाई जिला दुर्ग, टिकेंद्र कुमार साहू पिता रामविलास साहू निवासी कुरूद थाना जमुल जिला दुर्ग, प्रदीप कुमार राजपूत पिता स्व. लव कुश राजपूत निवासी सुपेला भिलाई थाना सुपेला जिला दुर्ग, थामेश्वर देशमुख पिता रामधन निवासी सुपेला भिलाई थाना सुपेला जिला दुर्ग, अजय कुमार साहू पिता कन्हैया लाल साहू निवासी सुपेला भिलाई थाना सुपेला जिला दुर्ग शामिल हैं।
रात्रि में शराब तस्करी
बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में अवैध गतिविधियों में लिप्त अपराधियों, शराब तस्करों एवं मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्यवाही लगातार जारी है, रात्रि में शराब तस्करों द्वारा मध्यप्रदेश अनूपपुर से भारी मात्रा में मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी गोवा शराब लोड कर ले जाने की सूचना पर सायबर सेल एवं थाना सिमगा की पुलिस टीम ने निरीक्षक रोशन राजपूत के नेतृत्व में ग्राम दरचुरा के अनुपम पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी किया। पुलिस टीम को जांच के दौरान संदिग्ध रूप से एक सफेद रंग की कार एवं उसके पीछे एक पिकअप वाहन बिलासपुर की ओर से तेज गति से आते हुए दिखा, पुलिस ने तत्परता एवं सतर्कता पूर्वक नाका लगाकर दोनों वाहनों को रोका, सामने कार ने पुलिस आदि की सूचना देने के लिए पीछे चल रही पिकअप वाहन का एक प्रकार से पायलेटिंग किया जा रहा था, पुलिस टीम ने वाहनों को रोककर जांच की, जिसमें 90 पेटी शराब जब्त की गई।
भिलाई के मुख्य सप्लायर भी गिरफ्तार
आरोपियों ने पूछताछ में उक्त शराब को जैतहरी जिला अनूपपुर मध्यप्रदेश के प्राइवेट ठेकेदार से खरीदकर लाने एवं ज्यादा दामों में भिलाई एवं बलौदाबाजार के कोचियों को देने की बात स्वीकार किया। इस संपूर्ण कार्यवाही में शराब तस्करी में कुख्यात एवं मुख्य सप्लायर भिलाई निवासी राजेश साहू को भी दबोचा गया, सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना सिमगा में धारा 342 आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इनका कहना है
मेरे भोजनालय में शराब दुकान वाले अहाता खुलवाये है और मुझसे 500 रूपए रोज लेते है, लायसेंस है कि नही मुझे नही पता।
जमुना प्रसाद राठौर, अहाता संचालक
*********************
इसकी जानकारी मुझे नही है, हमारे यहां से शराब नही छत्तीसगढ नही गई है।
आशीष शुक्ला, मैनेजर, शराब दुकान जैतहरी
*************************
इसकी जानकारी मुझे नही है, ले जाने के लिए कई रास्ते है, रही बात अहाता की तो इसकी जानकारी लेते है।
एस.के. तिवारी, थाना प्रभारी जैतहरी
*****************************
मैं इसकी जानकारी लेकर आपसे बात करता हूं।
अभिषेक राजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर
*******************************
अगर एमपी की शराब पकडाई है तो उसमें बैंच नंबर होता है, इसकी शहडोल से जांच होगी, फिर स्पष्ट हो जायेगा कि कहां की शराब है, जिसके बाद कार्यवाही की जावेगी।
सावित्री भगत, आबकारी अधिकारी अनूपपुर