दुर्घटना में मृत्यु पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आर्थिक संबल, मृतक की पत्नी को मिला दो लाख का चेक
गिरीश राठौड़
दुर्घटना में मृत्यु पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आर्थिक संबल, मृतक की पत्नी को मिला दो लाख का चेक
अनूपपुर। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एक बार फिर संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवार के लिए संबल साबित हुई। जिले के ग्राम बम्हनी निवासी किसान राम विनोद पटेल की 1 मई 2024 को करंट लगने से असामयिक मृत्यु हो गई थी। स्व. पटेल का खाता भारतीय स्टेट बैंक की अनूपपुर शाखा में था, जहां से उन्होंने मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ लिया था।
दुर्घटना के बाद बैंक की ओर से बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूर्ण कर 16 जुलाई को मृतक की पत्नी मुन्नी बाई पटेल को ₹2 लाख का चेक प्रदान किया गया। यह चेक भारतीय स्टेट बैंक शाखा अनूपपुर के प्रबंधक नवीन कुमार द्वारा सौंपा गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय से सीएम ऑपरेशन बॉबी मिंज, सहायक प्रबंधक नवनीत कुमार मिश्रा, अजय कुमार, अमित पॉल, आशीष कोंगारी, मंगल सिंह सहित बैंक के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
शाखा प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह बीमा योजना बेहद कम प्रीमियम में एक बड़ा सुरक्षा कवच देती है, जो आपदा की घड़ी में सहारा बन सकती है।
बैंक ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते इस योजना से जुड़ें, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहयोग मिल सके। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसे कदम आमजन के जीवन में सुरक्षा की भावना को सशक्त करते हैं।