विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू समुदाय के विद्यार्थियों को सीड योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग, 3 अगस्त तक करें आवेदन
गिरीश राठौड़
अनूपपुर/विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू समुदाय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आर्थिक चिंता से मुक्ति मिलेगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित सीड (SEED) योजना के अंतर्गत इन समुदायों के छात्रों को UPSC, MPPSC, RRB, CLAT, JEE, NEET, CAT, CMAT, NDA जैसी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है।
इस योजना का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाकर उनकी शैक्षणिक उन्नति सुनिश्चित करना है। पात्रता के अनुसार, डीएनटी, एनसी या एसएनसी श्रेणी से संबंधित वे छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर ली हो या वर्तमान में अध्ययनरत हों तथा जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक न हो।
छात्रों को कोचिंग शुल्क के रूप में अधिकतम ₹1,20,000 तक की राशि दी जाएगी। आवेदन करने वाले छात्र किसी अन्य सरकारी योजना से समान लाभ प्राप्त नहीं कर रहे हों। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, पिछली कक्षा का अंकपत्र, वर्तमान अध्ययन प्रमाण पत्र एवं डीएनटी प्रमाण पत्र अनिवार्य है।
इच्छुक छात्र 3 अगस्त 2025 तक https://www.buddy4study.com/application/FCDNT2/instruction पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु ईमेल mosje@buddy4study.com या हेल्पलाइन नंबर 080-474-95118 पर संपर्क किया
जा सकता है।