सड़क हादसे से बवाल: बीच सड़क पर शव रखकर उग्र विरोध, बुढ़ार-अमलाई मार्ग घंटों जाम
शहडोल। बुढ़ार थाना क्षेत्र का बुढ़ार-अमलाई मार्ग सोमवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक का शव बीच सड़क पर रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीगती बारिश के बावजूद सैकड़ों लोग सड़क पर डटे रहे और दोषी चालक पर हत्या का केस दर्ज करने के साथ ही जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग उठाई।जानकारी के अनुसार बुढार थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती निवासी राहुल साहू स्कूटी से अपने काम पर जा रहा था। इसी दौरान एक कार चालक ने अचानक सड़क पर गाड़ी का दरवाज़ा खोल दिया। स्कूटी गेट से टकराई और राहुल नीचे गिर पड़ा। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार निसान कार ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।
शव रखकर प्रदर्शन, सड़क जाम
हादसे की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने शव को बीच सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा हो गई और बुढ़ार-अमलाई मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। बारिश में भी लोग डटे रहे और नारेबाजी करते हुए आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि दोषी चालक पर हत्या जैसा प्रकरण दर्ज हो, जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और लगातार हो रहे सड़क हादसों पर प्रशासन जवाबदेह बने। लोगों का कहना है कि लापरवाह वाहन चालकों और खराब सड़कों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग चुप्पी साधे हुए हैं।
स्थिति बिगड़ती देख बुढ़ार पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन गुस्साई भीड़ का कहना था कि जब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाते, विरोध जारी रहेगा।
