कटनी में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ- गलियों से मैदान तक, प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का संकल्प… देखें क्या कहा केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने सिर्फ halehulchal.in पर….

0

कटनी में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ- गलियों से मैदान तक, प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का संकल्प… देखें क्या कहा केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने सिर्फ halehulchal.in पर….
कटनी।। पं. दीनदयाल उपाध्याय खेल मैदान में आज उस समय उत्साह का असाधारण माहौल निर्मित हुआ जब केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने सांसद खेल महोत्सव–2025 का भव्य शुभारंभ किया। यह आयोजन न केवल खेलों का पर्व है, बल्कि शासन-प्रशासन की उस दूरदृष्टि का प्रतीक भी है, जिसके माध्यम से मोहल्लों और गांवों की प्रतिभाओं को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, अंतर्राष्ट्रीय पैरा तैराक पद्मश्री डॉ. सतेंद्र सिंह लोहिया, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर केदार जाधव, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे, अरविंद पटेरिया, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रहलाद लोधी, राजेश वर्मा, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक और भाजपा जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब मंच पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधि और अतिथि स्वयं मैदान में उतरे और रस्साकस्सी रस्सी खींच के रोमांचक खेल में हिस्सा लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरुगन, सांसद वी.डी. शर्मा, मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक संजय पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दोनों टीमों में बंटकर रस्सी खींची और खिलाड़ियों के साथ जमकर तालमेल दिखाया। अतिथियों द्वारा मैदान में उतरकर खेल खेलने से उपस्थित खिलाड़ियों का उत्साह कई गुना बढ़ गया और खेल मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

छोटे कस्बों की प्रतिभा को बड़ा मंच
डॉ. मुरुगन ने कहा कि खेल किसी की जागीर नहीं, प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। गांव-गली में छिपे खिलाड़ी भी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेल नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार खेलों को हर स्तर पर मजबूत आधार दे रही है।

70,000 खिलाड़ियों का पंजीयन—खेल क्रांति की नई शुरुआत
सांसद वी.डी. शर्मा ने बताया कि इस वर्ष सांसद खेल महोत्सव-2025 में करीब 70,000 युवा खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जो इस क्षेत्र में खेल क्रांति की मजबूत बुनियाद है। महोत्सव का समापन 25 दिसंबर, श्रद्धेय अटल जी की जयंती पर होगा।

खेल प्रतिभाओं को निखारने में संजय पाठक की अहम भूमिका
इस आयोजन में विजय राघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। वे न केवल युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि उनकी उपलब्धियों को केंद्र सरकार और सांसद वी.डी. शर्मा तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यही कारण है कि उनके प्रयासों से क्षेत्र के कई युवा खेलों के प्रति प्रेरित हुए हैं और आज बड़ी संख्या में प्रतिभाएँ सामने आ रही हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरुगन ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। यह सम्मान उनके जुनून, मेहनत और अनुशासन की स्वीकृति थी।
आयोजित सांसद खेल महोत्सव इस बात का प्रमाण है कि जब सरकार, जनप्रतिनिधि और समाज मिलकर अवसर प्रदान करते हैं, तो गलियों की प्रतिभा भी विश्व पटल पर अपना परचम लहरा सकती है। यह आयोजन न केवल खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों को उड़ान देने का माध्यम बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!