नगर निगम की अतिक्रमण पर सख्ती जारी,पुराने शहर के बाजारों सहित कई इलाकों से 4 ट्रक सामान जप्त

0
(संजीव दुबे)
भोपाल। नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने पुराने शहर सहित कई क्षेत्रों में व्यापक कार्यवाही करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाए।
निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई इस कार्यवाही में बुधवारा, चार बत्ती चौराहा, तलैया थाना, कालीघाट मंदिर, लेडी अस्पताल, मंगलवारा, घोड़ा नक्कास और सब्जी मंडी जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों से ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, स्टूल, कुर्सी और बोर्ड हटाए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 4 ट्रक सामान जप्त किया गया।
इसके अलावा निगम अमले ने कोलार परफेक्ट प्लाजा, महाबली नगर, सिग्नेचर-99, दानिष चौराहा, कोलार सस्ता भंडार, निर्मलादेवी गेट, ललिता नगर, फाइन एवेन्यू, अवधपुरी, मनीषा मार्केट, गुलमोहर नहर, हबीबगंज रेलवे स्टेशन, जवाहर चौक, नेहरू नगर, बारह दफ्तर, जीटीबी कॉम्प्लेक्स, कबीटपुरा दुर्गा मंदिर, काजी कैंप, कोहेफिजा, शाहजहांनाबाद, बाग फरहत अफजा, बरखेड़ी पातरापुल, जहांगीराबाद और चिकलोद रोड सहित अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की।
कार्यवाही के दौरान कबीटपुरा, काजी कैंप, बाग फरहत अफजा और कोलार रोड सस्ता भंडार क्षेत्र में अवैध रूप से बने चबूतरों को हटाया गया। वहीं कोलार रोड पर अवैध रूप से बने एक कमरे और दीवार को तोड़ा गया।
इसके साथ ही शाहजहांनाबाद पुतलीघर क्षेत्र से 2 और बरखेड़ी पातरापुल क्षेत्र से 5 चार पहिया वाहन हटाए गए। जहांगीराबाद इलाके में नालियों पर रखी गई अवैध फर्शियां भी हटवाई गईं।
नगर निगम की इस कार्रवाई में विभिन्न क्षेत्रों से 4 ठेले, 1 गुमठी, 1 काउंटर, 1 फ्लैक्स बोर्ड, 4 लोहे के पाइप, 20 स्टूल, 2 लाइट, 11 कुर्सी, 2 बेंच और 2 कड़ाही जप्त की गईं।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed