गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से माधवनगर रामलीला मैदान में देर रात तक गूंजा देवी भक्ति का उल्लास निःशुल्क गरबा में महिलाओं-बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, लकी कूपन से स्कूटी, एसी, फ्रिज समेत मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

0

गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से माधवनगर रामलीला मैदान में देर रात तक गूंजा देवी भक्ति का उल्लास
निःशुल्क गरबा में महिलाओं-बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, लकी कूपन से स्कूटी, एसी, फ्रिज समेत मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
कटनी।। नवरात्र पर्व के अवसर पर माधवनगर रामलीला मैदान में रविवार को गरबा नृत्य के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। मां जगदम्बे की आराधना के बीच आयोजित निःशुल्क गरबा कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। देर रात तक श्रद्धालु देवी भक्ति और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों में तल्लीन रहे।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आत्माराम दरबार के गोपालदास तथा विशिष्ट अतिथि झम्मटमल ठारवानी, खियल चावला, गुरनानी, पार्षद गोविंद चावला और वरिष्ठ पत्रकार सत्यदेव चतुर्वेदी सहित बंटू रोहरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन रूप आडवाणी एवं नेहा मोटवानी ने किया।
महिलाओं और बच्चों ने उत्साह से किया गरबा
माधवनगर रामलीला कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से समाजसेवा में सक्रिय सुशील मोटवानी को अध्यक्ष मनोनीत कर रामलीला मंचन सहित अन्य आयोजनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार को आयोजित गरबा कार्यक्रम में स्कूल की छात्राओं, महिलाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रतिभागियों ने गरबा की आकर्षक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। निःशुल्क गरबा आयोजन में बच्चों का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला।
लकी कूपन से मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
माधवनगर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुशील मोटवानी के अनुसार दशहरा चल समारोह और नवरात्र के आयोजनों को यादगार बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों के साथ प्रतियोगिताओं और पुरस्कारों की भी योजना तैयार की गई है। लकी कूपन के माध्यम से भाग्यशाली श्रद्धालुओं को स्कूटी, एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कूलर, मिक्सर सहित विभिन्न आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कारों का वितरण लकी ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा।
नन्हीं डांसर पिंकी नामदेव ने बांधा समां
गरबा कार्यक्रम के दौरान माधवनगर के संजयनगर निवासी नन्हीं डांसर पिंकी नामदेव ने अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। सोशल मीडिया पर अपने डांस के लिए चर्चित पिंकी ने रामलीला मैदान में भी शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सामाजिक-धार्मिक आयोजनों को यादगार बनाने का संकल्प
कार्यक्रम में सपना ब्यूटी स्टूडियो एंड एकेडमी की संचालक सपना मोटवानी ने कहा कि रामलीला कमेटी के संरक्षक मंडल और समाज के वरिष्ठजनों ने मोटवानी परिवार पर विश्वास जताते हुए आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी है। इस जिम्मेदारी को पूरी तन्मयता से निभाते हुए माधवनगर में सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि माधवनगर का दशहरा चल समारोह ऐतिहासिक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही प्रतिभावान बच्चों को मंच प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामलीला मैदान में रामलीला मंचन सहित विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि माधवनगर के लिए यह आयोजन यादगार बन सके। कार्यक्रम में समाजसेवी सोनल आडवाणी, पूनम मूलचंदानी, बबीता जसूजा, पायल जैतवानी सहित बड़ी संख्या में सामाजिकजन और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed