जानलेवा चाकूबाजी करने वाले दो आरोपी कुठला पुलिस के हत्थे, चाकू बरामद
जानलेवा चाकूबाजी करने वाले दो आरोपी कुठला पुलिस के हत्थे, चाकू बरामद
कटनी।। पुरैनी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज खूनी संघर्ष के मामले में कुठला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में की गई। घटना 24 जनवरी 2026 की रात की है। हीरापुर कौड़िया निवासी मोहित पटेल 21 अपने साथियों सौरभ शुक्ला और आशीष पटेल के साथ मोटरसाइकिल से बस स्टैंड से पुरैनी जा रहा था। रास्ते में इंडिया होटल के पास बजरंगबली मंदिर के समीप ओम रजक और अंकित रजक ने लापरवाही से बाइक को कट मारा। समझाने पर विवाद इतना बढ़ गया कि बात गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक जा पहुँची।
कुछ देर बाद रात करीब 9:15 बजे, जगन्नाथ मैरिज गार्डन के पास दोनों आरोपियों ने दोबारा रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपी ओम रजक ने आशीष पटेल के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल आशीष पटेल को तत्काल थाना कुठला लाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर तकनीकी व पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 05 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अंकित रजक उर्फ अनिकेत पिता पीताम्बर उर्फ बुईया रजक उम्र 18 वर्ष एवं ओम रजक पिता पीताम्बर उर्फ बुईया रजक उम्र 20 वर्ष दोनो निवासी इण्डिया होटल के पीछे सरकारी स्कूल के पास कुठला बस्ती थाना कोतवाली को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी ओम रजक के विरुद्ध पूर्व से थाना कुठला में दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।