नशे के सौदागरों पर कोतवाली पुलिस का शिकंजा नाईट्रावेट की 15 पत्तियों के साथ युवक गिरफ्तार, पूछताछ में सप्लायर का नाम सामने आया
नशे के सौदागरों पर कोतवाली पुलिस का शिकंजा
नाईट्रावेट की 15 पत्तियों के साथ युवक गिरफ्तार, पूछताछ में सप्लायर का नाम सामने आया
कटनी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाईट्रावेट की 15 पत्तियों के साथ एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवक ने गोलियां उपलब्ध कराने वाले कथित सप्लायर का नाम बताया, जिसके बाद दूसरे व्यक्ति को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है। वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं नशे के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली प्रतिबंधित अथवा दुरुपयोग की जाने वाली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही थी।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर 2026 को कोतवाली पुलिस टीम थाना क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मोहन घाट के पास हरे रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान मोहम्मद इरफान पिता मोहम्मद यूनुस (23), निवासी खिरहनी फाटक, नरेन्द्र मार्ग गली, कटनी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार युवक अपने लोवर की जेब में कुछ छिपाने का प्रयास कर रहा था। संदेह के आधार पर विधिवत तलाशी लेने पर उसकी जेब से नाईट्रावेट की 15 पत्तियां बरामद हुईं। पुलिस ने दवाओं के संबंध में वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय पर्चा मांगा, लेकिन युवक ऐसा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में सप्लायर का नाम सामने आया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मोहम्मद इरफान ने बताया कि मयंक रैकवार निवासी रघुनाथगंज, कटनी उसे नाईट्रावेट की गोलियां उपलब्ध कराता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी गोलियां बेचने के बाद कमीशन काटकर शेष रकम मयंक रैकवार को देता था।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने मयंक रैकवार को भी मामले में आरोपी बनाया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही नशे की गोलियों की सप्लाई के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार बरामद नाईट्रावेट की 15 पत्तियों को विधिवत जब्त कर मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया गया है। थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 1088/2026 के तहत धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी मयंक रैकवार की तलाश जारी है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली गोलियां कहां से प्राप्त होती हैं और इनके अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह तथा आरक्षक उपेन्द्र सिंह, अमित सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह, रोहित राठौर एवं विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।