पेट्रोल पंप के सामने चलती आर्टिका कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला
कांग्रेस नेता पियूष शुक्ला की तत्परता से आग पर काबू, सभी यात्री सुरक्षितशहडोल। जिला मुख्यालय में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर की चौपाटी के ठीक सामने पेट्रोल पंप के पास चलती आर्टिका कार में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 11.30 बजे की बताई जा रही है। उस समय कार में तीन लोग सवार थे। जैसे ही कार के बोनट से धुआं और आग की लपटें उठीं, सभी लोग सतर्कता दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकल आए, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान टल गया।
घटना स्थल शहर का अत्यंत व्यस्त इलाका माना जाता है। यदि यह हादसा कुछ घंटे पहले हुआ होता, तो चौपाटी पर भारी भीड़ मौजूद रहती और आग पेट्रोल पंप तक फैलने का गंभीर खतरा बन सकता था। रात का समय होने के कारण भीड़ कम थी, जिससे राहत मिली।
मौके पर मौजूद कांग्रेस नेता पियूष शुक्ला और उनके साथियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब 20 से 25 मिनट तक लगातार प्रयास कर आग को फैलने से रोका गया। इसी दौरान नगर पालिका की दमकल टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया।