अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 35 हजार की शराब व इलेक्ट्रिक स्कूटी जब्त

0

अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 35 हजार की शराब व इलेक्ट्रिक स्कूटी जब्त
कटनी।। जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में चौकी झिंझरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए शराब तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब तथा एक इलेक्ट्रिक स्कूटी जब्त की है। चौकी झिंझरी पुलिस ने आरोपी उदय उपाध्याय के विरुद्ध धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 फरवरी को क्षेत्र भ्रमण एवं अपराध पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी में प्लास्टिक की बोरी में शराब लेकर ग्राम कौडिया से पिपरौंध की ओर सगौड़ी रोड से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सगौड़ी रोड नहर के किनारे ग्राम जयंतीनगर में घेराबंदी कर स्कूटी सवार युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम उदय उपाध्याय पिता प्रदाप उपाध्याय, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम कौडिया थाना स्लीमनाबाद बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बोरी में 100 पाव लाल मसाला शराब कीमत लगभग 12 हजार रुपये तथा 230 पाव देशी प्लेन शराब कीमत लगभग 23 हजार रुपये बरामद की गई। कुल 59.40 बल्क लीटर शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही ओला कंपनी की सिल्वर-काले रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी क्रमांक MP/21/ZD/9951, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार रुपये है, को भी जप्त किया गया। पुलिस ने वीडियोग्राफी कर पंच गवाहों की मौजूदगी में जप्ती की कार्रवाई पूरी की और आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि पिछले चार माह में चौकी झिंझरी पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध यह आठवीं बड़ी कार्रवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed