आत्मानंद स्कूल सेमरा के कक्षा 10 के होनहार छात्र अमृत धुर्वे को नेशनल एसटीईएम क्विज 4.0 के राष्ट्रीय ग्रैंड फाइनल के लिए चुना गया है।
गौरेला पेंड्रा मरवाही/ गौरेला -स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सेमरा, जीपीएम के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि विद्यालय के कक्षा 10 के होनहार छात्र अमृत धुर्वे का चयन नेशनल STEM क्विज़ 4.0 के राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता GUJCOST (गुजरात सरकार) द्वारा आयोजित की गई है।
अमृत धुर्वे ने अपनी कड़ी मेहनत, वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि अमृत आगामी 26/03/2026 को अहमदाबाद में राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र कुमार तिवारी ने अमृत धुर्वे को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों के निरंतर प्रयास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सहयोगी वातावरण का परिणाम है। उन्होंने अमृत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह इसी प्रकार आगे बढ़ते रहें और नई ऊँचाइयाँ हासिल करें।
विद्यालय परिवार की ओर से अमृत धुर्वे को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रदान की।