निगम स्वामित्व की तीन दुकानों पर तालाबंदी, किराया नहीं चुकाने पर कार्रवाई

0

निगम स्वामित्व की तीन दुकानों पर तालाबंदी, किराया नहीं चुकाने पर कार्रवाई
कटनी।। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए बकाया वसूली को लेकर नगर निगम कटनी ने सख्त कदम उठाया है। इसी क्रम में निगम ने प्रियदर्शिनी बस स्टैंड स्थित निगम स्वामित्व की तीन दुकानों में किराया बकाया होने पर तालाबंदी की कार्रवाई की।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि संबंधित दुकानों के आवंटियों को पूर्व में कई बार किराया राशि जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। साथ ही उन्हें बकाया जमा करने के लिए पर्याप्त अवसर भी प्रदान किए गए, लेकिन तय समय सीमा के भीतर राशि निगम कोष में जमा नहीं की गई। इसके चलते नियमों के अनुसार तालाबंदी की कार्रवाई अमल में लाई गई।
उन्होंने बताया कि प्रियदर्शिनी बस स्टैंड की दुकान क्रमांक 23 के आवंटी पर अप्रैल 2022 से मार्च 2024 तक कुल 18 हजार 126 रुपये किराया बकाया था। वहीं दुकान क्रमांक 6 के आवंटी द्वारा अप्रैल 2024 से मार्च 2026 तक 8 हजार 903 रुपये किराया जमा नहीं किया गया। इसके अलावा दुकान क्रमांक 12 के आवंटी पर अप्रैल 2024 से मार्च 2026 तक 4 हजार 427 रुपये की किराया राशि बकाया पाई गई।
तालाबंदी की कार्रवाई के दौरान राजस्व उप निरीक्षक विनोद सिंह चौहान, सहायक राजस्व निरीक्षक सनीष रजक एवं वसूलीकर्ता शरद सेन मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी बकाया वसूली को लेकर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे अवकाश के दिनों में भी खुले रहने वाले निगम कार्यालय एवं जोन कार्यालयों के कैश काउंटरों तथा विशेष वसूली शिविरों का लाभ उठाकर समय पर देय राशि जमा करें, ताकि किसी भी अप्रिय कार्रवाई से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed