पेंड्रा में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का शुभारंभ
gpm/पेंड्रा। मो शाकिब खान –
राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का शुभारंभ आज पेंड्रा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों तथा आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष राकेश जालान शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका उपाध्यक्ष शरद गुप्ता ने की। कार्यक्रम में विद्युत विभाग की ओर से जेई श्रीमती प्रतिमा पटेल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राकेश जालान ने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना निश्चित रूप से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए राहत लेकर आई है। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के घरों की बिजली पुराने बकाया बिल के कारण बंद हो गई थी, इस योजना के माध्यम से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी और उनके घरों में फिर से बिजली कनेक्शन चालू किया जा सकेगाउन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम जनता को राहत पहुंचाना और हर घर तक बिजली की सुविधा सुनिश्चित करना है। इस योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपने पुराने बकाया बिजली बिलों का सरल एवं आसान किस्तों में भुगतान करने का अवसर मिलेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में पेंड्रा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने योजना की जानकारी प्राप्त की और सरकार की इस पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में जेई सुश्री प्रतिमा पटेल ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।