लखपति दीदी अभिसरण सह सम्मान समारोह में कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर महिलाओं को किया सम्मानित*

0

मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 23 मार्च 2026/छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों से जिले में लखपति दीदी पहल को गति दी जा रही है। जिले में 22 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 13 हजार 711 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। लखपति दीदीयों को सम्मानित करने आज जिला पंचायत के नर्मदा सभा कक्ष में लखपति दीदी अभिसरण सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लखपति दीदीयों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कलेक्टर ने समारोह में उपस्थित सभी महिलाओं को नशा मुक्त और बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की शपथ दिलाई।

कलेक्टर ने कहा कि महिला स्व सहायता समूहों से जुड़कर बड़ी संख्या में जिले की दीदीयां आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा चुकी हैं और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हैं। महिलाएं समूह के माध्यम से विभिन्न आजीविका गतिविधियों से आय अर्जित करके पारिवारिक जरुरतों को पूरा कर रही हैं। अब उन्हें पुरुषों की आय पर निर्भर होना नहीं पड़ रहा है। उन्होंने महिला शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं अभियान के तहत शतप्रतिशत बालिकाओं को शिक्षित करने कहा। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रुप से स्कूल भेजने, बीच में पढ़ाई नहीं छोड़ने और सरकार की निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था का समुचित लाभ उठाने कहा।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा और जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे ने अधिक से अधिक महिलाओं को स्व सहायता समूह से जुड़ने और आजीविका गतिविधियों तथा शासन की जन कल्यांणकारी योजनाओं का लाभ उठाने आग्रह किया। कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधक श्री दुर्गाशंकर सोनी ने बताया कि महिलाओं की आय में वृद्धि हेतु यह आवश्यक है, कि समूहों को प्रदाय चक्रीय राशि एवं बैंक लिंकेज और सीआईएफ राशि से महिलाओं पॉच से अधिक आजीविका गतिविधियॉं प्रारंभ करें ताकि उनकी आय में वृद्धि हो। उन्होंने बताया कि लखपति दीदीयों की एन्ट्री ऑनलाइन संधारित कराई जा रही है। महिलाओं से सेवा क्षेत्र से संबंधित गतिविधियॉ जैसे राज मिस़्त्री, इलैक्ट्रिशन और फिटर आदि का प्रशिक्षण लेकर आजीविका गतिविधियॉ करने कहा गया। समारोह में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती श्याममणि राठौर एवं श्री भंवर सिंह गोवास, डिप्टी कलेक्ट श्रीमती आकांक्षा पाण्डे, लीड बैंक मैनेजर श्री राघवेन्द्र बघेल, उप संलालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. वीके पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अमित सिन्हा, श्री विनीतदुबे, अभिषेक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं, पीआरपी, एनआरएलएमए कैडर्स उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *