नए बीईओ संजय वर्मा का कड़ा रुख, शिक्षक डायरी, MBU और मध्याह्न भोजन एंट्री में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

0

 

 

(मोहम्मद शाकिब खान, मुख्य संवाददाता गौरेला)

 

मरवाही: आज मरवाही विकास खंड के नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) श्री संजय वर्मा ने समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों (CAC) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक की शुरुआत में उपस्थित शिक्षक संघ और समन्वयकों द्वारा नए बीईओ श्री वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया, जिसके बाद विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

 

उपस्थिति:

इस बैठक में मरवाही विकास खण्ड के खण्ड स्रोत समन्वयक (BRCC) श्री अजय राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा संकुल शैक्षिक समन्वयकों (CAC) में सर्वश्री रामशरण किरण, नरेंद्र पैकरा, गौतम मनहर, टीका राम रैदास, भीमसेन प्रधान, दिनेश अग्रवाल, अजीत जायसवाल, मोहम्मद जहीर अब्बास, ओमप्रकाश पोर्ते, कुंदन चतुर्वेदी, प्रमोद राय व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

 

बैठक के प्रमुख निर्देश एवं समीक्षा बिंदु:

शिक्षक डायरी और समय-सारणी का पालन: बीईओ श्री वर्मा ने आगामी सत्र से सभी शैक्षिक समन्वयकों व शिक्षकों को ‘शिक्षक डेली डायरी’ अनिवार्य रूप से लिखने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही, स्कूलों में निर्धारित समय-सारणी (Time Table) के अनुसार ही अध्ययन-अध्यापन कराने पर जोर दिया और इसका अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।

 

मध्याह्न भोजन (PM पोषण) की ऑनलाइन एंट्री: प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्याह्न भोजन) योजना की समीक्षा करते हुए बीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इसकी ऑनलाइन एंट्री प्रतिदिन समय पर सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया गया है।

 

MBU और छात्रवृत्ति कार्य: छात्रों के किए जा रहे MBU कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मरवाही विकास खण्ड के सभी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के MBU कार्य को हर हाल में समय-सीमा के अंदर पूरा करने और राज्य छात्रवृत्ति से जुड़े कार्यों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के कड़े निर्देश जारी किए गए।

 

पीएम सूर्य घर योजना: बैठक में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की भी समीक्षा की गई। श्री वर्मा ने उपस्थित सभी लोगों को इस योजना के लाभ बताए और इसे अपने घरों व परिसरों में जरूर लगवाने हेतु प्रेरित किया।

 

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: बीईओ श्री संजय वर्मा ने बैठक के अंत में स्पष्ट और कड़ी चेतावनी दी कि शिक्षा विभाग के किसी भी कार्य में लेटलतीफी या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन न करने वालों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed