नगर के विकास का खाका तैयार..बजट,आवास और टैक्स तीनों पर बड़ा फैसला…एमआईसी में बजट पास करोड़ो के कार्यों को हरी झंडी जनसुविधाओं पर बड़ा निर्णय के साथ तय होंगी शहर के विकास की दिशा

0

नगर के विकास का खाका तैयार..बजट,आवास और टैक्स तीनों पर बड़ा फैसला…एमआईसी में बजट पास करोड़ो के कार्यों को हरी झंडी जनसुविधाओं पर बड़ा निर्णय के साथ तय होंगी शहर के विकास की दिशा
कटनी।। नगर निगम की मेयर इन काउंसिल एमआईसी की अहम बैठक महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर कई बड़े और निर्णायक फैसले लिए गए। बैठक में बजट को अनुशंसित करते हुए अब अंतिम स्वीकृति के लिए परिषद के समक्ष भेज दिया गया है। बैठक में यह स्पष्ट संकेत मिला कि आने वाले वर्ष में नगर निगम शहर के आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास को नई गति देने जा रहा है।
बजट में विकास का रोडमैप
वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट में शहर के समग्र विकास की ठोस रूपरेखा तैयार की गई है। निगम प्रशासन ने नागरिकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाओं और सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। परिषद की स्वीकृति के बाद इन योजनाओं पर तेजी से अमल शुरू होगा।
संवेदनशील पहल शव वाहन की व्यवस्था
महापौर द्वारा बजट में एक मानवीय पहल करते हुए शव वाहन एवं लावारिस शव वाहन की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है, जिससे जरूरतमंदों को सम्मानजनक और त्वरित सेवा मिल सकेगी।
पीएम आवास योजना: 258 हितग्राहियों को राहत
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत बीएलसी घटक के कुल 258 हितग्राहियों (123 + 135) की सूची को एमआईसी ने अनुमोदित कर दिया है। इससे शहर के सैकड़ों परिवारों को अपने घर का सपना साकार करने की दिशा में बड़ी राहत मिलेगी।
आईएचएसडीपी योजना में राहत
आईएचएसडीपी योजना के तहत अब हितग्राही आपसी सहमति से आवंटित मकानों की अदला-बदली कर सकेंगे। इससे लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार आवास चुनने का अवसर मिलेगा।
संपत्तिकर में बढ़ोतरी का प्रस्ताव
शासन निर्देशों के अनुरूप संपत्ति कर में अधिकतम 10% तक वृद्धि का प्रस्ताव भी एमआईसी ने अनुमोदित करते हुए परिषद को भेज दिया है। यह निर्णय नगर निगम की आय बढ़ाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए अहम माना जा रहा है।
8 करोड़ के विकास कार्यों को हरी झंडी
बैठक में मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों, नालियों, चौराहों के सौंदर्यीकरण और माधवनगर गेट के नव निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। अब सभी की निगाहें परिषद की अंतिम स्वीकृति पर टिकी हैं, जिसके बाद शहर में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद यह बैठक केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आने वाले वर्ष में कटनी शहर के विकास की दिशा और गति तय करने वाली साबित होगी। बजट, आवास, कर व्यवस्था और आधारभूत ढांचे से जुड़े फैसले सीधे तौर पर आम नागरिकों के जीवन को प्रभावित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed