चौसठ योगिनी माँ जालपा मंदिर से निकले भव्य जवारे, नवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

0

चौसठ योगिनी माँ जालपा मंदिर से निकले भव्य जवारे, नवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब
कटनी।। चैत्र नवरात्र की पावन नवमी तिथि पर नगर पूरी तरह भक्तिमय रंग में डूबा नजर आया। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच चौसठ योगिनी माँ जालपा मंदिर से भव्य जवारा जुलूस पूरे विधि-विधान और धार्मिक उत्साह के साथ निकाला गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, माता के जयकारों और भक्तों की उमंग ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। शाम लगभग 8 बजे मंदिर परिसर से प्रारंभ हुआ यह भव्य जुलूस पुरानी बस्ती और जवारा गली से होते हुए आगे बढ़ा। रास्ते भर श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर माँ का स्वागत करते रहे। भक्तों ने सिर पर सजे जवारों को बड़ी श्रद्धा और समर्पण के साथ लेकर यात्रा में भाग लिया। पूरा मार्ग जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा।
जुलूस का समापन कटनी नदी तट पर हुआ, जहां विधि-विधान के साथ जवारों का विसर्जन किया गया। भक्तों ने माँ से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और हर कोई माँ की भक्ति में लीन नजर आया। इसी क्रम में शहर के अन्य मंदिरों से भी जवारा जुलूस निकाले गए। बावली टोला स्थित मरही माता मंदिर से निकला जुलूस आजाद चौक होते हुए कटनी नदी पहुंचा, जहां श्रद्धापूर्वक जवारों का विसर्जन किया गया। सभी घाटों पर धार्मिक माहौल और भक्ति की अलौकिक छटा देखने को मिली। नवमी के इस पावन अवसर पर पूरा नगर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा दिखाई दिया, जहां हर हृदय में माँ के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण झलकता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed