हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी भी गिरफ्तार, कुठला पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को दबोचा
हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी भी गिरफ्तार, कुठला पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को दबोचा
कटनी।। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के तहत कुठला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास के गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे पांचवें आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में शामिल सभी पांचों आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2026 की रात लगभग 8:45 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मऊरानी ट्रांसपोर्ट परिसर के पास एक खूनी संघर्ष की घटना हुई थी। सूचनाकर्ता सोनू चौधरी (20 वर्ष), निवासी झुकेही वार्ड क्रमांक 11 थाना अमदरा जिला मैहर, ने पुलिस को बताया कि वह उक्त स्थान पर मजदूरी करता है। घटना के समय पांच अज्ञात युवक एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल से पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से लोहे की टायर लीवर रॉड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में सोनू चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए उसके सहकर्मी माधव पाण्डेय को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुठला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने परंपरागत तरीकों के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए आरोपियों की पहचान की और क्रमशः चार आरोपियों शेख कलीम बहना (28), आशीष गोंड (28), आर्यन सिंह ठाकुर (19) और छोटू उर्फ दुर्गेश सोनी (20) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था।
मामले का पांचवां आरोपी अनिकेत उर्फ अंकित निषाद (22), निवासी धाऊ चक्की थाना कुठला, घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी। अंततः तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अब इस प्रकरण के सभी पांचों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और मामले की विवेचना जारी है।