गैस संकट गहराया, होम डिलीवरी ठप जनता परेशान, पार्षद ने उठाई आवाज

0

गैस संकट गहराया, होम डिलीवरी ठप जनता परेशान, पार्षद ने उठाई आवाज
कटनी।। शहर और जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति एवं होम डिलीवरी ठप होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन, एडवोकेट ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। पार्षद मिथलेश जैन ने बताया कि बीते लगभग एक माह से गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। होम डिलीवरी के बजाय उपभोक्ताओं को एजेंसी कार्यालयों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। कभी वाहन न आने, तो कभी केवाईसी अधूरी होने जैसे कारण बताकर लोगों को गैस देने में टालमटोल की जा रही है। उन्होंने कहा कि गैस कंपनियों के नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को घर तक सिलेंडर की डिलीवरी मिलना चाहिए और इसके लिए शुल्क भी लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद यह सुविधा नहीं दी जा रही है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गैस संकट का असर छोटे व्यवसायों पर भी पड़ा है। होटल संचालक, ठेला-फेरी करने वाले और छोटे उद्योग संचालक गैस न मिलने से प्रभावित हो रहे हैं। कई गरीबों के ठेले बंद होने की स्थिति बन गई है। वहीं, रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजनों में भंडारा करने वाले लोगों को भी गैस की कमी के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। मिथलेश जैन ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ब्लैक मार्केटिंग की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने जिला कलेक्टर एवं खाद्य विभाग से मांग की है कि तत्काल हस्तक्षेप कर घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed