अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 वारदातों का खुलासा
अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 वारदातों का खुलासा
कटनी। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए रंगनाथनगर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में सूने घरों और दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च से 17 मार्च 2026 के बीच रंगनाथनगर और माधवनगर थाना क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। प्रार्थियों द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी गिरोह ने माधवनगर क्षेत्र में भी चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने सभी वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी राशि और चोरी की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में लकी उर्फ सोनू शर्मा, शिवम उर्फ शिवा मानिकपुरी और सोनू साहू शामिल हैं, जो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। पूरे मामले में रंगनाथनगर पुलिस सहित एनकेजे थाना और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।