अहिंसा और सद्भाव के संदेश के साथ भगवान महावीर जन्मकल्याणक पर निकली भव्य शोभायात्रा, शहर हुआ भक्तिमय
अहिंसा और सद्भाव के संदेश के साथ भगवान महावीर जन्मकल्याणक पर निकली भव्य शोभायात्रा, शहर हुआ भक्तिमय
कटनी।। जियो और जीने दो के उद्घोषक एवं अहिंसा के प्रवर्तक भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर शहर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जैन समाज द्वारा इस पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पंचायत महासभा के अध्यक्ष संजय जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा बड़े मंदिर से प्रारंभ होकर घंटाघर, डॉ. गर्ग चौराहा, शहीद द्वार, भगवती चौराहा, हीरागंज, गोल बाजार, मेन रोड सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, जवाहर चौक से होते हुए जैन बोर्डिंग हाउस में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान महावीर स्वामी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
महावीर जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई इस विशाल शोभायात्रा में नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन एवं पूर्व महापौर व पार्षद राजकुमारी जैन विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने भगवान महावीर स्वामी की विधिवत पूजा-अर्चना कर पालकी उठाकर श्रद्धा अर्पित की। शोभायात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज और भजनों की मधुर ध्वनि ने पूरे शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।