लमतरा फाटक के पास बस पलटी, आधा दर्जन यात्री घायल,धक्का लगाकर स्टार्ट करने के बाद हुआ हादसा
लमतरा फाटक के पास बस पलटी, आधा दर्जन यात्री घायल,धक्का लगाकर स्टार्ट करने के बाद हुआ हादसा
कटनी।। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के समीप एक सड़क हादसा हो गया, जहां एक निजी बस पलटने से लगभग आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्ता बस सर्विस की बस क्रमांक MP 53 P 0214 विजयराघवगढ़ से कटनी की ओर आ रही थी। लमतरा के पास अचानक बस बंद हो गई। बस को दोबारा चालू करने के लिए यात्रियों और स्टाफ की मदद से धक्का लगाया जा रहा था। इसी दौरान बस स्टार्ट होने के बाद कुछ दूरी तक चली, लेकिन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को चोटें आई हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण बस का तकनीकी खराब होना और असंतुलन बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।