सरकारी इमारत भी सुरक्षित नहीं लेकिन सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा नगर निगम में मॉक ड्रिल से परखी गई आपदा से निपटने की तैयारी

0

सरकारी इमारत भी सुरक्षित नहीं लेकिन सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा
नगर निगम में मॉक ड्रिल से परखी गई आपदा से निपटने की तैयारी
कटनी।। अक्सर यह माना जाता है कि सरकारी भवन पूरी तरह सुरक्षित होते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि आग जैसी आपातकालीन घटनाएं कहीं भी और कभी भी हो सकती हैं। इसी सच्चाई को ध्यान में रखते हुए नगर निगम में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें यह परखा गया कि आपदा की स्थिति में कर्मचारी और अधिकारी कितने सजग और तैयार हैं।
नगर निगम कार्यालय में मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे आयोजित इस मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई। जैसे ही कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि भवन में भीषण आग लगी है, तत्काल अग्निशमन दल और निगम अमला मौके पर पहुंचा। टीमों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और पूरे समन्वय के साथ स्थिति पर काबू पाने का अभ्यास किया।
इस दौरान भवन की छत और परिसर के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग आपात स्थितियां बनाकर कर्मचारियों की प्रतिक्रिया और तैयारियों को परखा गया। मॉक ड्रिल में यह स्पष्ट नजर आया कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सजग और प्रशिक्षित हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील की कि मॉक ड्रिल एक सामान्य और आवश्यक प्रक्रिया है, जिससे घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य न केवल प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत करना है, बल्कि आम नागरिकों को भी आपदा के समय सही कदम उठाने के लिए जागरूक करना है।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए शहर के अन्य शासकीय कार्यालयों और घनी बस्तियों में भी इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएंगी, ताकि हर स्तर पर सुरक्षा और सतर्कता सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed