17 अप्रैल को सजेगी भव्य साहित्य संध्या, अनुभूति काव्य संग्रह का होगा विमोचन
17 अप्रैल को सजेगी भव्य साहित्य संध्या, अनुभूति काव्य संग्रह का होगा विमोचन
कटनी।। आगामी 17 अप्रैल की शाम शहर के साहित्य और काव्य प्रेमियों के लिए खास होने जा रही है। होटल अरिंदम के कॉन्फ्रेंस हॉल में जनपरिषद के तत्वावधान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि सुरेश सोनी ऋतुराज की काव्य कृति अनुभूति का विधिवत विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम में देश की कई विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। मुख्य अतिथि के रूप में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश वर्मा शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक संदीप जायसवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर प्रीति संजीव सूरी की मौजूदगी रहेगी।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल (भोपाल) अनुभूति काव्य संग्रह की समीक्षा प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही वरिष्ठ पत्रकार रामजी श्रीवास्तव, मिसेज यूनिवर्स डॉ. प्रगति सेठ, कवि मनोहर मनोज, यशभारत के संस्थापक आशीष शुक्ला एवं नितिन श्रीवास्तव सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा एवं बार एसोसिएशन व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला की उपस्थिति भी अपेक्षित है। काव्य संध्या और सम्मान समारोह भी आकर्षण का केंद्र
इस आयोजन में साहित्य परिचर्चा, काव्य संध्या और सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। देश के ख्याति प्राप्त कवि अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे। बनारस के ओजस्वी कवि वैभव अवस्थी और लखनऊ के गीतकार दाबर रजा की सहमति मिल चुकी है।
मिस यूनिवर्स डॉ. प्रगति सेठ की विशेष उपस्थिति
समारोह में मिस यूनिवर्स टाइटेनिक ब्यूटी और जनपरिषद की ब्रांड एंबेसडर डॉ. प्रगति सेठ की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
अनुभूति काव्य संग्रह की खासियत
काव्य संग्रह अनुभूति में समाज की सच्चाइयों, राजनीतिक परिवर्तनों, सामाजिक विसंगतियों और मानवीय भावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कवि सुरेश सोनी ऋतुराज ने अपनी वर्षों की काव्य यात्रा के अनुभवों को इसमें संजोया है। प्रेम, पीड़ा, संघर्ष और संवेदनाओं से भरी यह कृति पाठकों को गहराई से जोड़ने का सामर्थ्य रखती है।
साहित्य प्रेमियों को आमंत्रण
आयोजन समिति ने शहर के सभी साहित्यकारों, कवियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। यह कार्यक्रम 17 अप्रैल को अपराह्न 3:30 बजे होटल अरिंदम के सभागार में आयोजित होगा।
ऑनलाइन भी उपलब्ध अनुभूति
यह काव्य संग्रह अमेज़न, फ्लिपकार्ट, गूगल प्ले बुक्स और बीएफसी स्टोर सहित विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध है। यह आयोजन कटनी के साहित्यिक इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ने जा रहा है।