पारधी डेरों पर पुलिस का शिकंजा 14 साल से फरार कातिल समेत दो हत्यारे दबोचे रीठी पुलिस की सघन रेड पहचान बदलकर छिप रहे आरोपी भी नहीं बच पाए कानून के हाथों से

0

पारधी डेरों पर पुलिस का शिकंजा 14 साल से फरार कातिल समेत दो हत्यारे दबोचे
रीठी पुलिस की सघन रेड पहचान बदलकर छिप रहे आरोपी भी नहीं बच पाए कानून के हाथों से
कटनी।। जिले में फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता मिली, जब रीठी थाना पुलिस ने पारधी डेरों पर अचानक धावा बोलते हुए हत्या के दो सनसनीखेज मामलों में वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे ये आरोपी अब आखिरकार सलाखों के पीछे हैं।
14 साल से फरार था मुख्य कातिल, बदलता रहा पहचान
वर्ष 2012 के बहुचर्चित हत्या प्रकरण में ग्राम बूढा लतिलपुर निवासी जुगराज पारधी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। लाठी और बरछियों से लैस 10 हमलावरों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में 8 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, लेकिन मुख्य आरोपी कंडल पारधी (59) घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने और पहचान बदलता रहा। करीब 14 साल तक फरारी काटने वाले इस कातिल को 2 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।
बरछी से हत्या कर फरार हुआ आरोपी भी दबोचा
दूसरा मामला वर्ष 2021 का है, जहां ग्राम पटेहरा में गवन उर्फ बाबा पारधी की हत्या कर दी गई थी। आरोपी अनिसर पारधी ने बरछी से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार सघन पतासाजी और दबिश के बाद पुलिस टीम ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे खास बात रही पारधी डेरों पर की गई सुनियोजित और सघन रेड, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया। लंबे समय से फरार आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए डेरों में छिपकर रह रहे थे, लेकिन इस बार कानून का शिकंजा इतना मजबूत था कि वे बच नहीं सके।
कानून के लंबे हाथ ने आखिरकार उसे पकड़ ही लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed