खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने उचित मुल्य दुकानों, आंगनबाड़ी केन्द्र और छात्रावास का किया निरीक्षण
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
पीडीएस, पूरक पोषण आहार एवं मध्यान भोजन योजना की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 09 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा ने आज जिला प्रवास के दौरान विभिन्न उचित मूल्य दुकानों और आंगनबाड़ी केन्द्र एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद परियोजना कार्यालय एकीकृत आदिवासी विकास विभाग के सभा कक्ष में बैठक लेकर सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पूरक पोषण आहार एवं मध्यान भोजन योजना तथा शासकीय आश्रम-छात्रावास को बीपीएल दर पर प्रदाय खाद्यान्न भोजन की समीक्षा की। उन्होंने जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों को समय पर खोले जाने, नागरिक आपूर्ती निगम के परिवहनकर्ताओं द्वारा हर महीने समय पर खाद्यान्न भंडारण और तौलकर खाद्यान्न वितरण के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य शासन के निर्देश अनुसार सभी राशन दुकानों में तीन माह के खाद्यान्न भंडारण 20 अप्रैल तक करने और प्रत्येक 
हितग्राही को अनिवार्य रूप से अप्रैल, मई एवं जून तीन माह का चावल एकमुश्त बांटने के निर्देश दिए।
बैठक में पूरक पोषण आहार योजना के संदर्भ में पोषण ट्रेकर में दर्ज एवं दैनिक उपस्थिति का पंजीकृत बच्चों की संख्या तथा भौतिक रूप से उपस्थित बच्चों की संख्या से प्रति परीक्षण करने हेतु केंद्रों का औचक निरीक्षण करने और आंगनबाडी केन्द्रो में सभी सूचनाओं के प्रदर्शन के निर्देश दिए गए। इसी तरह जिले के सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत प्रति डाईट खाद्यान्न दाल, सब्जी आदि की मात्रा प्रदर्शित करने तथा इसके क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय आश्रम-छात्रावास में दोनों समय भोजन में दाल प्रदाय किया जाए, प्रति डाइट खाद्यान्न, दाल, खाद्य तेल, सब्जी की निर्धारित मात्रा को भोजन कक्ष में प्रदर्शित और क्रियान्वित किया जाए। बैठक में खाद्य आयोग के सदस्य सचिव श्री राजीव कुमार जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, खाद्य अधिकारी श्रीमती स्वेता अग्रवाल सहित सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एंव बाल विकास, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रबंधक नान तथा जिले के समस्त सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक उपस्थित थे। 
समीक्षा बैठक के पूर्व राज्य खाद्य आयोग के दल द्वारा विभिन्न राशन दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत बसंतपुर, धोबहर एवं निमधा की शासकीय उचित मूल्य दुकान बंद पाई गई, जिस पर आयोग के अध्यक्ष द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए दुकान बंद रखने वाले संचालकों के विरुद्ध तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत धोबहर की निलंबित दुकान को संलग्न संस्था से तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत नरौर में निरीक्षण के दौरान तीन माह का शेष चावल का शीघ्र भंडारण पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। दल द्वारा आंगनबाडी केन्द्र और एकलव्य छात्रावास डोंगरिया का निरीक्षण कर बच्चों को दी जाने वाली भोजन गुणवत्ता की जांच की। दल द्वारा पेंड्रा स्थित आदिम जाति बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया गया तथा छात्रावास के छात्रों को दोनों समय के भोजन में दाल प्रदाय करने के निर्देश दिए। आयोग के अध्यक्ष ने खाद्यान से संबंधित शिकायतों के लिए खाद्य विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय कॉल सेंटर की नम्बर छात्रावासों में प्रदर्शित करने के निर्देश खाद्य अधिकारी को दिए।