संपूर्णता अभियान के तहत अंधियारखोह में स्वास्थ्य शिविर एवं राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन*

0

मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला

 

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 9 अप्रैल 2026/ आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान के तहत आज गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत अंधियारखोह में स्वास्थ्य शिविर एवं राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा महिलाओं, बच्चों, पुरुषों एवं वृद्धजनों के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम को बहु-विभागीय स्वरूप प्रदान करते हुए आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेदिक उपचार एवं उसके लाभों की जानकारी दी गई, वहीं सोशल वर्क टीम ने सामाजिक उत्तरदायित्व, नशामुक्ति एवं नशा करने वालों के सुधार हेतु आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

शिविर में ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की दीदियों एवं सदस्यों द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल संरक्षण एवं स्वच्छ जल उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों के विशेष स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। समन्वित प्रयास के माध्यम से शिविर में आए सभी हितग्राहियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ मिला। ग्रामीणों को पोषण, स्वच्छता, नशामुक्ति, जल संरक्षण एवं आजीविका के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने गर्भवती माताओं की गोदभराई कर उन्हें पोषण किट वितरित किया तथा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। साथ ही आंगनवाड़ी के बच्चों के साथ न्योता भोज का आयोजन कर पोषण एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed