सुदूर वनांचल में आयोजित जनचौपाल में बाइक से पहुंचीं कलेक्टर : ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं

0

मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला

 

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 11 अप्रैल 2026/ ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘ग्राम जोहार अभियान’ के तहत गौरेला विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत पूटा के आश्रित ग्राम संचारखूंटा में शुक्रवार को जनचौपाल का आयोजन किया गया। आम पेड़ की छांव में आयोजित इस चौपाल में पंडो जनजाति के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी संचारखूंटा पहुंचने के लिए करीब चार किलोमीटर तक बाइक से ऑफरोडिंग करते हुए स्थल तक पहुंचीं। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि जानकारी होने पर ही उनका सही लाभ मिल सकता है। उन्होंने गांव में सड़क निर्माण और प्राथमिक शाला स्वीकृत कराने की बात कही। उन्होंने शाला स्वीकृत होते तक बच्चों को छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की स्कूल और आंगनबाड़ी में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, बाल विवाह रोकने तथा निर्धारित आयु से पहले विवाह नहीं करने की अपील की।

साथ ही गर्भवती महिलाओं की नियमित रूप से जांच और आधार कार्ड की प्रतिलिपि जारी करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पहुंच मार्ग, वन अधिकार पत्र सहित अन्य मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत डबरी और कुआं निर्माण के लिए अधिक से अधिक आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।

जनचौपाल में अधिकारियों ने छात्रावास सुविधा, कृषि एवं उद्यानिकी योजनाएं, फसल बीमा, पशुपालन, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रमिक पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और आंगनबाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास गोपेश मनहर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed